भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन (23 अगस्त) भयंकर ड्रामा देखने को मिला। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज
यशस्वी जायसवाल
और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की मैदान पर ही लड़ाई हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
असिथा ने यशस्वी का विकेट लेने के बाद जोशीले अंदाज में जश्न मनाया था लेकिन यशस्वी ने प्रतिक्रिया नहीं दी। वह चुप-चाप पवेलियन लौट रहे थे। इस बीच असिथा ने उन्हें कुछ कहा, जिस पर यशस्वी भड़क गए। वह पीछे मुड़े और श्रीलंकाई गेंदबाज से भिड़ गए। यशस्वी ने असिथा को सिर से टक्कर मार दी। स्थिति को बिगड़ता देख श्रीलंका के कामिंदु मेंडिस आगे आए और मामले को शांत कराया।
यह भी पढ़ें: Sony LIV या JioHotstar, भारत बनाम श्रीलंका दूसरा टेस्ट कहां दिखेगा?
यशस्वी ने असिथा को जड़े थे 3 चौके
गॉल में खेले गए पहले टेस्ट में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे यशस्वी लय में दिख रहे थे। वह 52 गेंद में 45 रन बना चुके थे, जिसमें 9 चौके शामिल थे। इनमें से 3 चौके उन्होंने 17वें ओवर में असिथा की पहली 5 गेंद पर ही जड़ दिए। इसके बाद श्रीलंकाई पेसर ने वापसी की और यशस्वी का विकेट ले लिया। असिथा की अंदर आती लेंथ गेंद को यशस्वी ऑफ साइड में पंच करने के प्रयास में चूक गए। गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर स्टंप्स में समा गई।
इसके बाद असिथा ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, जिससे माहौल थोड़ा गर्म हो गया। हालांकि यशस्वी ने कोई प्रतिक्रिया देना ठीक नहीं समझा लेकिन जैसे ही श्रीलंकाई गेंदबाज ने उन्हें कुछ कहा, वह अपना आपा खो बैठे। दोनों के बीच नोंकझोंक होने लगी। श्रीलंका के बाकी खिलाड़ी भी पहुंच गए। इस बीच यशस्वी ने गुस्से में अपना सिर असिथा के सिर पर दे मारा। कामिंदु मेंडिस ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया। इसके बाद भी यशस्वी शांत नहीं हुए और पवेलियन वापस जाते समय कुछ कहते हुए दिखे।
यह भी पढ़ें: कौन हैं मध्य प्रदेश के सारांश जैन, जिन्होंने कोलंबो में किया टेस्ट डेब्यू?
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
श्रीलंका - लाहिरु उदारा, कामिल मिशारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, पसिंदु सूरियाबंदारा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, असिथा फर्नांडो, लाहिरु कुमारा
भारत - केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा , मानव सुथार, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा