बिहार में बाढ़ की भयावह विभीषिका के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। विषम परिस्थितियों में जीवित बचे 12 साल प्रिंस कुमार को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि वह पटना में गंगा किनारे बीजेपी सरकार के आयोजित 100 करोड़ के आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का वीडियो बना रहा था। इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार पर बड़ा हमला बोला है। तेजस्वी ने बताया कि प्रिंस कुमार पटना में गंगा किनारे खड़ा होकर वीडियो बना रहा था। तभी वहां बीजेपी के गुंडे आ गए। उन्होंने इस 12 साल के बच्चे को घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, गुंडों ने उसे उठाकर सड़क की रेलिंग से नीचे नदी के समीप फेंक दिया।
इस घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई। लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने बच्चे को बचाने की बजाय उसे ही पीटा और वहीं बैठे सत्ताधारी गुंडों के साथ बच्चे को भी थाने ले गई।थाने में पहुंचने के बाद पुलिस ने गुंडों को छोड़ दिया और उल्टे पिटने वाले नाबालिग बच्चे को ही थाने में बंद कर दिया। एक 12 साल के मासूम को थाने में बंद कर दिया गया, जिसकी उम्र खेलने-कूदने की है। तेजस्वी ने कहा कि यह कैसा न्याय है, जहां पीटने वाले सत्ताधारी गुंडे थाने से छूट जाते हैं, जबकि पिटने वाला बच्चा थाने में बंद रहता है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली की वोटर लिस्ट से गायब अरविंद केजरीवाल का नाम? EC ने दिया जवाब
अगली सुबह फिर घर पहुंची पुलिस
तेजस्वी यादव ने बताया कि थाने से छोड़े जाने के बाद बच्चा अपने घर पहुंचा, उसकी दहशत खत्म नहीं हुई। अगली सुबह ही फिर पुलिस उसके घर आ धमकी और इस 12 साल के मासूम को डराने-धमकाने लगी। तेजस्वी ने कहा, 'पुलिस पीड़ित बच्चे से जबरदस्ती यह बयान दिलवा रही थी कि आरोपी गुंडे नहीं बल्कि तुम्हारे दोस्त थे। तुम लोग साथ में भाजपा के लिए काम करते हो। कोई मारपीट नहीं हुई है। बच्चे ने जब सच्चाई बताने की कोशिश की तो पुलिस ने धमकी दी।
सम्राट चौधरी
की पुलिस ने कहा कि बयान नहीं बदला तो रात भर थाने में बंद रहेगा, तब होश ठिकाने आ जाएगा। 12 साल के बच्चे को रात भर थाने में बंद करने की धमकी दी जा रही है।'
तेजस्वी बोले, यह है
नरेंद्र मोदी
का नया भारत
इस पूरी घटना पर तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह नरेंद्र मोदी का नया भारत है जहां बिहार में 7 हत्याओं के आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के मनोनीत कठपुतली को आम बिहारियों को प्रताड़ित करने और बिहार को बदनाम करने के लिए मुख्यमंत्री बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: 3 बार क्लर्क टाइपिंग टेस्ट में हुआ फेल, DM ने किया डिमोट, क्लर्क बना चपरासी
उन्होंने सवाल उठाया कि बताइए, एक 76 साल के मार्गदर्शक मंडल के बुजुर्ग प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 100 करोड़ के दीये जलाने का वीडियो बनाने पर एक 12 साल के नाबालिग की बीजेपी के गुंडे पिटाई कर थाने में बंद करवा देते हैं। और कैसा अमृतकाल चाहिए? तेजस्वी ने कहा कि एक तरफ बिहार बाढ़ में डूबा है। लोग घर छोड़कर ऊंची जगहों पर रहने को मजबूर हैं। खाने-पीने का संकट है। दूसरी तरफ सरकार 100 करोड़ रुपये खर्च कर दीये जला रही है। जब एक बच्चा इस सच्चाई को कैमरे में कैद करता है तो उसे पीटा जाता है।
बच्चे से मिले तेजस्वी
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने आज उस बच्चे से मुलाकात कर सारी जानकारी हासिल की थी। उन्होंने कहा कि बच्चा अभी भी काफी डरा हुआ है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। परिवार भी खौफ में है कि कहीं पुलिस फिर से न आ जाए। तेजस्वी ने कहा कि इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों और भाजपाई गुंडों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वह इस बच्चे को न्याय दिलाकर रहेंगे।