सोशल मीडिया के जरिए एक लोन ऐप के जाल में फंसकर एक युवक इतना ज्यादा परेशान हो गया था कि उसे अपनी जान देने का खौफनाक कदम उठा लिया। फर्जी लोन ऐप के जाल में फंसे 27 साल का बिलाल खान हनी ट्रैप का शिकार हुआ और इसका नतीजा यह रहा कि उसने जहर खाकर अपनी जान दे दी। इस मामले में पाकिस्तान कनेक्शन भी निकलकर सामने आ रहा है क्योंकि जिस नंबर से फोन आया था उसका कोड प्लस 92 है।
युवक ने मरने से पहले दो वीडियो भी बनाए और अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने अपने परिजनों से उनके माता-पिता और अपने बेटे का ध्यान रखने की बता कही और यह वीडियो अपने परिजनों को भेज दिया। वीडियो में इस बात का खुलासा हुआ है कि कैसे डिजिटल लोन ऐप्स आम लोगों को जाल में फंसाकर मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: रसगुल्ला खाने पर 11 साल के बच्चे को जलते तंदूर में फेंका, हालत गंभीर
वीडियो में बताया दर्द
मृतक बिलाल ने आत्महत्या करने से पहले अपने दोस्तों और बहनों को दो वीडियो भेजे और यह वीडियो इस केस की सबसे अहम कड़ी माने जा रहे हैं। वीडियो में बिलाल अपने दर्द बयां कर रहे हैं। इस मामले में परिजनों ने शिकायत दर्ज करवा दी है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बिलाल ने वीडियो में कहा कि कुछ फर्जी ऐप और झूठे लोन के जाल ने उसकी जिंदगी नरक बना दी है और वह मजबूर होकर मौत को गले लगा रहा है। वीडियो देखने के बाद जब उसके दोस्तों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसका फोन नहीं लगा। काफी खोजबीन के बाद बिलाल का शव गांव के पास खेत में मिला।
लोन को लेकर था परेशान
परिजनों के अनुसार, बिलाल ने कुछ महीने पहले एक लोन ऐप से करीब 50 हजार रुपये उधार लिए थे। इसके बाद उसने इस ऐप को करीब 5 लाख रुपये चुका दिए थे, फिर भी उससे और पैसे की मांग की जा रही थी। यह मामला सिर्फ फर्जी लोन ऐक के जरिए शोषण का नहीं बल्कि इससे कहीं ज्यादा है। बिलाल के भाई ने जब उसका फोन अनलॉक किया तो वह हैरान रह गया। उसके फोन नंबर पर प्लस 92 कोड वाले नंबर से फोन आ रहे थे। बता दें कि प्लस-92 पाकिस्तान को कोड है, जिससे मामला और ज्यादा गंभीर हो जाता है।
यह भी पढ़ें: पैसे घुमाने का आरोप, संजीव अरोड़ा के पार्टनर हेमंत सूद और चंद्रशेखर क्यों फंसे?
अश्लील फोटो बना किया ब्लैकमेल
ब्लैकमेलर ने युवक के फोटो को अश्लील फोटो के साथ एडिक कर उसे वायरल करने की धमकी दी। बिलाल ने बदनामी के डर से पिछले कुछ ही दिनों में तीन लाख रुपये से ज्यादा की रकम अलग-अलग खातों में भेजी। हालांकि, ब्लैकमेल करने वालों की मांग खत्म नहीं हुई और वह बिलाल से और ज्यादा पैसों की मांग करते रहे। बिलाल यह उत्पीड़न नहीं सह सका और उसने आत्महत्या का फैसला लिया।
बिलाल के भाई ने बताया कि अभी भी उन विदेशी नंबरों से फोन आ रहे हैं और बिलाल के एडिटेड अश्लील फोटो को भेजकर रुपयों की मांग की जा रही है। परिवार वालों ने बताया कि जब वह फोन उठाते हैं तो दूसरी तरफ बैठे लोग गाली-गलौच करने लगते हैं। परिजनों ने लोन ऐप कंपनी के खिलाफ ठगी और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस वीडियो और व्हाट्सएप चैट के साथ-साथ कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।