महाराष्ट्र के बारामती में एक ट्रेनर एयरक्राफ्ट हादसे का शिकार हुआ है। पुलिस का कहना है कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। हादसा रविवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे बारामती हवाई पट्टी के पास हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि जांच की जा रही है कि विमान में कोई तकनीकी खराबी आई थी या कोई अन्य तकनीकी समस्या थी। अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
यह भी पढ़ें: एयर इंडिया की टर्बुलेंस वाली फ्लाइट का पायलट था नशे में? डोप टेस्ट पॉजिटिव
विमान में दो लोग थे सवार
पुणे देहात के एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि बारामती एयरफील्ड पर ट्रेनिंग के दौरान VT-SEX नाम का एक विमान रनवे से बाहर निकल गया। इस दौरान कैप्टन चिराग शशिकांत दोइफोडे और कैडेट अभिजीत जुंद्रे विमान में सवार थे। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
रनवे से बाहर निकल गया विमान
उन्होंने आगे कहा कि विमान सबसे पहले 'लिंक ब्रावो' से रनवे पर आया। रनवे 29 के थ्रेशोल्ड (शुरुआती हिस्से) पर लाइन-अप हुआ और 'रिजेक्टेड टेक-ऑफ' (टेक-ऑफ को बीच में ही रोकना) किया। इसके बाद विमान को रनवे 11 के थ्रेशोल्ड पर लाइन-अप किया गया। जहां एक और 'रिजेक्टेड टेक-ऑफ' किया। इस प्रक्रिया के दौरान विमान रनवे पर पूरी तरह से रुक नहीं पाया और रनवे 29 के थ्रेशोल्ड से आगे निकल गया। आखिर में यह रनवे 29 के थ्रेशोल्ड से आगे दाईं ओर पक्की सतह से हटकर बाहर चला गया।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी 56 की उम्र में फिट क्यों हैं? उन्हीं से जानिए फिटनेस रूटीन
आठ महीने में तीसरा हादसा
पिछले आठ महीने में बारामती यह तीसरा विमान हादसा है। 28 जनवरी को अजीत पवार का विमान एयरपोर्ट के करीब ही हादसे का शिकार हुआ था। हादसे में अजित पवार समेत कुल 5 लोगों की मौत हुई थी।
13 मई को बारामती में तीसरा हादसा हुआ। एक निजी कंपनी का ट्रेनर विमान क्रैश हुआ। यह हादसा बारामती हवाई पट्टी के नजदीक स्थित गोजुबावी गांव के पास हुआ था। गनीमत यह रही कि इस विमान हादसे में भी किसी को गंभीर चोट नहीं आई थी।