उत्तर प्रदेश के आगरा कोर्ट में जितेंद्र राठौर नाम का व्यक्ति कॉकरोच बनकर रेंगते हुए पहुंचा और इंसाफ की मांग करने लगा। जितेंद्र राठौर को फायर सर्विस से सस्पेंड कर दिया गया है। जितेंद्र राठौर का कहना है कि उन्होंने 12 फरवरी 2024 को नकल माफिया के खिलाफ शिकायत की थी। इसी शिकायत के बाद उनके खिलाफ 9 जुलाई को रेप का केस दर्ज कराया गया।
जितेंद्र राठौर पहले फायर विभाग में तैनात थे लेकिन इस हालिया विवाद के बाद उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। उनका कहना है कि उन्होंने नकल माफिया के खिलाफ आवाज उठाई थी और इसी वजह से उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया।
यह भी पढ़ें: सस्ते तार, ज्यादा लोड और जुगाड़, भारत में शॉर्ट सर्किट से क्यों लगती है इतनी आग?
क्या है पूरा मामला?
मामला 12 फरवरी 2024 से शुरू हुआ। जितेंद्र राठौर के अनुसार, उन्होंने नकल माफिया की शिकायत की थी। जिस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत की गई थी, उसकी बेटी ने 9 जुलाई को जितेंद्र राठौर के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया। यह मुकदमा 2024 में ही न्यू आगरा थाने में दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद जितेंद्र को सस्पेंड कर दिया दया। जितेंद्र का आरोप है कि यह केस बदले की कार्रवाई के तहत दर्ज कराया गया। उनका कहना है कि उन्होंने नकल के खिलाफ शिकायत की थी, इसलिए उन्हें निशाना बनाया गया।
कॉकरोच बनकर किया विरोध
आगरा कोर्ट में जितेंद्र राठौर का कॉकरोच बनकर पहुंचना इसी विरोध का हिस्सा बताया जा रहा है। वह रेंगते हुए कचहरी पहुंचे और खुद को इंसाफ के लिए भटकता हुआ व्यक्ति बताया। जितेंद्र राठौर का कहना है कि वह लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं। उनके मुताबिक एक तरफ उन्होंने नकल माफिया के खिलाफ शिकायत की, दूसरी तरफ उन पर गंभीर आपराधिक आरोप लगा दिए गए।
उन्होंने कहा, 'मैं कॉकरोच जनता पार्टी से प्रभावित हूं। इसलिए मैंने कॉकरोच कोचिंग सेंटर खोला है। मैं नेट क्वालिफाइड हूं, पूरे भारत में मेरा गणित में 132वां स्थान आया था। यौन उत्पीड़न के केस के कारण आज मुझे कोई स्कूल वाला नौकरी नहीं दे रहा है।'
यह भी पढ़ें: फैसल खान नहीं होंगे गिरफ्तार, कोर्ट ने दी राहत, फायरिंग मामले में सुनाया फैसला
वायरल हुआ वीडियो
जितेंद्र राठौर का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी बनने के बाद से कॉकरोच शब्द काफी चर्चा में है और दिल्ली में इस पार्टी ने प्रदर्शन भी किया था। अब जितेंद्र राठौर भी एक कॉकरोच बनकर न्याय मांगने कोर्ट पहुंचे। उनका विरोध करने का यह अंदाज वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लोग उनके पक्ष में लिख रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।