पंजाब में विधानसभा के चुनाव अगले साल होने हैं। अभी कांग्रेस ने अपना चुनावी अभियान शुरू नहीं किया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और अकाली दल में फैसला नहीं हो पाया है कि अकेले लड़ना है या गठबंधन करना है। इस बीच सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को अपने 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में मुख्यमंत्री भगवंत मान का भी नाम शामिल है। वह एक बार फिर धुरी विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। भगवंत मान अभी धुरी से ही विधायक हैं।
जिन 40 सीटों के लिए AAP ने उम्मीदवार उतारे हैं उनमें से 39 सीटों पर 2022 में उसी को जीत मिली थी। मौजूदा समय में सभी 40 सीटों पर AAP के ही विधायक हैं और पार्टी ने एक भी विधायक का टिकट नहीं काटा है। 2022 में इन 40 में से सिर्फ एक सीट छब्बेवाल पर कांग्रेस के राजकुमार छब्बेवाल जीते थे। बाद में वह AAP में शामिल होकर लोकसभा का चुनाव लड़े और सांसद बन गए। उनके बेटे इशांक को AAP ने उपचुनाव लड़ाया और वह विधायक बन गए। इस सीट पर AAP ने फिर से इशांक को ही उम्मीदवार बनाया है।
यह भी पढ़ें: 'मैं चुप हूं तो चुप रहने दो', अभिजीत दीपके पर बोले दिलजीत, क्या है पूरा विवाद?
कौन हैं प्रमुख नाम?
इस लिस्ट में पंजाब के सीएम भगवंत मान के अलावा पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां का भी नाम शामिल है। दो बार से कोटकपुरा से विधायक कुलतार सिंह तीसरी बार भी उसी सीट से चुनाव लड़ेंगे। मंत्री संजीव अरोड़ा फिर से लुधियाना वेस्ट से उम्मीदवार बनाए गए हैं। मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल दूसरी बार अजनाला से ही चुनाव लड़ेंगे। तलवंडी साबो से दो बार की विधायक बलजिंदर कौर को तीसरी बार भी इसी सीट से टिकट दिया गया है।
तरनतारन सीट पर हरमीत सिंह संधू को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। वह 2022 में अकाली दल में थे और AAP के कश्मीर सिंह सोहल से चुनाव हार गए थे। 2025 के उपचुनाव में AAP ने हरमीत सिंह संधू को अपना उम्मीदवार बनाया और अब वही इस सीट से विधायक हैं।
यह भी पढ़ें: 'मेरिट पर नौकरी सबसे बड़ी गलती’, मनोहर लाल खट्टर-CM नायब सैनी पर बोले BJP विधायक
2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में क्या हुआ था?
117 सदस्यों वाली पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP ने साल 2022 के चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। कई दशकों तक पंजाब में सरकार चलाने वाले अकाली दल को सिर्फ 3 सीटें और कांग्रेस को सिर्फ 18 सीटों पर जीत मिली थी। बीजेपी के 2, BSP के 1 और एक निर्दलीय विधायक को जीत मिली थी। वहीं, आम आदमी पार्टी ने कुल 92 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया था।
इस खबर को अपडेट किया जा रहा है।