logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पुलिस कस्टडी से चोर हुआ फरार, शौचालय ले गया था सिपाही, वहीं दिया चकमा

यूपी की राजधानी लखनऊ के थाना ठाकुरगंज से सोमवार की सुबह चोरी का आरोपी युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। लापरवाही में सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।

news image

प्रतीकात्मक फोटो,Photo Credit : Chat GPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी सोमवार सुबह ठाकुरगंज थाने की पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपी को रात में गिरफ्तार करने के बाद हवालात में रखा गया था। सुबह उसने शौच जाने की बात कही तो पहरे पर तैनात सिपाही उसे हवालात से बाहर निकालकर शौचालय ले गया। इसी दौरान आरोपी पुलिसकर्मी को चकमा देकर भाग निकला। कुछ देर बाद आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल उसकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। मामले में पहरे पर तैनात सिपाही के खिलाफ ही FIR दर्ज की गई है।

पुलिस के मुताबिक तहसीनगंज निवासी शान को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसे रात करीब 1:36 बजे गिरफ्तार कर थाने की हवालात में रखा गया था। रातभर वह पुलिस अभिरक्षा में था। सोमवार सुबह आरोपी ने शौच जाने की बात कही। इसके बाद थाने में पहरे पर तैनात सिपाही अजित कुमार उसे हवालात से बाहर निकालकर शौचालय की तरफ ले गया।

 

यह भी पढ़ें: 'हुड्डा को हराया तो केस हो गया...', यौन उत्पीड़न के आरोपों पर क्या बोले बृजभूषण?

शौचालय के बाहर खड़ा था, मौका मिलते ही भागा

FIR में दर्ज विवरण के मुताबिक आरोपी शौच करने के दौरान शौचालय के दरवाजे के बाहर ही खड़ा था। इसी दौरान उसने मौका पाकर पुलिसकर्मी को चकमा दिया और वहां से फरार हो गया। आरोपी के भागने का पता चलने पर पुलिसकर्मियों ने तत्काल आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। ठाकुरगंज थाने में तैनात दरोगा पंकज सिंह के मुताबिक वह रविवार रात रात्री अधिकारी के रूप में ड्यूटी पर थे।

 

सोमवार सुबह करीब 7:35 बजे सिपाही अजित कुमार ने फोन कर उन्हें बताया कि आरोपी को शौच के लिए बाहर लेकर गया था, लेकिन वह पुलिस अभिरक्षा से भाग गया। सूचना मिलते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया। आरोपी के संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश भी दी, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।

पहरे पर तैनात सिपाही के खिलाफ दर्ज हुआ केस

 इस मामले में ठाकुरगंज थाने में पहरे पर तैनात सिपाही अजित कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में थाने पर तैनात किसी अन्य पुलिसकर्मी को जिम्मेदार नहीं माना गया है। पुलिस ने आरोपी की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे सिपाही के खिलाफ ही कार्रवाई की है।    घटना को लेकर पुलिस विभाग में भी चर्चा है कि आखिर चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस अभिरक्षा से कैसे भाग निकला। आरोपी को शौचालय ले जाते समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: अतीक अहमद के गुर्गों ने 20 साल पहले क्या किया था कि फंस गए आजम खान?

आरोपी की तलाश में दो टीमें गठित

ठाकुरगंज थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ओमवीर चौहान के मुताबिक फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों के साथ ही उसके परिचितों और आसपास के इलाकों में तलाश कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए आरोपी की तलाश जारी है और मामले में सिपाही की भूमिका की भी जांच की जा रही है।


और पढ़ें