उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी घटना के समय पहने कपड़ों की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने उपनिरीक्षक की सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को सीएचसी भिनगा में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को कोतवाली भिनगा क्षेत्र के लोनियनपुरवा गांव में 10 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही थीं। जांच के दौरान आरोपी की पहचान शंकर पुत्र जगदीश, निवासी भरथा बेलभरिया, थाना कोतवाली भिनगा, श्रावस्ती के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: रिटायर्ड बैंक अफसर को 6 दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट, 95.66 लाख रुपये ठगे
कपड़े बरामद करने ले गई थी पुलिस
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद घटना के समय उसके द्वारा पहने गए कपड़ों की बरामदगी के लिए उसकी निशानदेही पर ले गई। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के बाद वापस लौटते समय भिनगा-लक्ष्मणपुर मार्ग पर ग्राम रेहली यात्री प्रतीक्षालय के पास आरोपी ने उपनिरीक्षक अनुराग सिंह की सरकारी पिस्टल छीन ली।
पुलिस का दावा है कि पिस्टल छीनने के बाद आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायर किए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी भिनगा ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत सामान्य है।
यह भी पढ़ें: अवैध संबंधों का शक, युवक का सिर मुंडवाया, पेशाब पिलाया, जमकर पीटा
सरकारी पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से छीनी गई सरकारी पिस्टल और उसकी मैगजीन बरामद कर ली गई। मैगजीन में छह जिंदा और एक खोखा कारतूस मिला है। इसके अलावा जामातलाशी में 200 रुपये नकद और घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।मुठभेड़ के बाद मौके पर फील्ड यूनिट की टीम पहुंची और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। कोतवाली भिनगा पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।