logo

मूड

ट्रेंडिंग:

जहां पहुंचे, वहीं ट्रोलिंग, जनाक्रोश, इस्तीफे का मांग, AK शर्मा टिक पाएंगे?

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार की बिजली कटौती को लेकर किरकिरी हो रही है। बिजली मंत्री, एके शर्मा विभाग नहीं संभाल पा रहे हैं।

Yogi Adityanath AK Sharma AI Image ChatGPT

योगी आदित्यनाथ और एके शर्मा। AI इमेज। Photo Credit: ChatGPT

उत्तर प्रदेश में बिजली कटौती को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार जनता से लेकर विपक्ष तक के निशान पर है। पूर्वांचल से लेकर बुंदेलखंड तक बिजली के लिए हाहाकार मचा है। सिद्धार्थनगर जिले से लेकर झांसी तक, बिजली की किल्लत से लोग बेहाल हैं। रात में बिजली कट रही है, लोग को बाहर निकलकर रात बिता रहे हैं। अघोषित कटौतियों से आम आदमी भीषण गर्मी में परेशान है।

उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में हालात बेहद खराब हैं, 10 से ज्यादा जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। बांदा का तापमान तो 48 डिग्री तक पहुंच गया। यह शहर, अब भारत का सबसे गर्म शहर बन गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती भी लोगों को परेशान कर रही है। बिजली विभाग से शिकायत करो तो एक रटा-रटाया जवाब आता है, 'हमारे पावर हाउस में बिजली जैसे ही आएगी, आप तक पहुंच जाएगी।' सोशल मीडिया पर लोगों की परेशानियों का समधान किए बिना, समाधान बता दिया जाता है। 

यह भी पढ़ें: कभी बत्ती गुल, कभी लोगों ने लौटाया, 5 मौके जब AK शर्मा की हुई किरकिरी

सबके निशाने पर हैं एके शर्मा 

सोशल मीडिया पर लोग, जमकर बिजली मंत्री एके शर्मा को ट्रोल कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर विभाग नहीं संभल पा रहा है तो योगी आदित्यनाथ एके शर्मा को अपनी कैबिनेट में रख क्यों रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि योगी सरकार की सबसे ज्यादा आलोचना, बिजली विभाग की वजह से हो रही है।

विपक्ष से लेकर जनता तक नाराज

सत्ताधारी बीजेपी के विधायकों और विपक्षी दलों के नेताओं ने राज्य के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा को पत्र लिखकर शिकायत की है। अखिलेश यादव ने बिजली संकट को महासंकट करार दिया है। अखिलेश यादव ने यूपी के बिजली संकट को 'महाविद्युत आपदा' का नाम दिया है। 

अखिलेश यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी:-
बीजेपी की गलत नीतियों की वजह से यूपी में जो असहनीय बिजली संकट चल रहा है, उसके लिए बिजली विभाग के कनिष्ठ कर्मचारियों या लाइनमैन पर जनता अपना गुस्सा न निकाले। बिजली विभाग के हज़ारों संविदा कर्मचारियों की छँटनी के बाद वो पहले से ही बहुत दबाव में काम कर रहे हैं।


अखिलेश यादव ने कहा, 'इस महा विद्युत आपदा के लिए बीजेपी सरकार, बीजेपी के बिजली मंत्री, भाजपा के सांसद, विधायक, मेयर, पार्षद से लेकर बिजली विभाग के उच्चाधिकारी व भ्रष्ट ठेकेदार ज़िम्मेदार हैं, जो इस नाकाम सत्ता में अप्रत्यक्ष-प्रत्यक्ष रूप से हिस्सेदार हैं। सवाल-जवाब इन लोगों से किया जाए।'

यह भी पढ़ें: मंच पर भिड़े UP के बिजली मंत्री और सपा सांसद, वीडियो वायरल

बीजेपी के अपने भी एके शर्मा को घेर रहे हैं 

गोंडा सदर से भारतीय जनता पार्टी विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने शुक्रवार को मंत्री को एक सख्त पत्र लिखा। उन्होंने लिखा कि गोंडा जिले और उनके इलाके में बिजली की गंभीर समस्या है। तेज गर्मी में बार-बार बिजली चली जाने से लोगों का रोजमर्रा का जीवन, दुकानें और काम-धंधा बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने और तार टूटने जैसी समस्याएं हैं, लेकिन लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है। सितापुर से बीजेपी विधायक निर्मल वर्मा ने भी मंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र के शहर और गांव दोनों जगह लगातार बिजली कट रही है। इससे व्यापार, खेती और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

विपक्ष ने भी योगी सरकार को घेरा 

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने भी बिजली संकट की निंदा की। उन्होंने कहा, 'भयंकर गर्मी में बिजली न मिलने और बार-बार कटौती से गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारी और आम लोग बहुत परेशान हैं।' मायावती ने सरकार से तुरंत सुधार करने और भविष्य के लिए नई बिजली परियोजनाएं शुरू करने की अपील की।

मायावती, अध्यक्ष, बहुजन समाज पार्टी:-
उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में भीषण गर्मी के इस मौसम में बिजली की कम अपूर्ति व कटौती आदि की आम शिकायतों व उसको लेकर विशेषकर ग़रीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारियों व अन्य करोड़ों मेहनतकश लोगों का जीवन अति-कष्टदायी बना हुआ है तथा इसको लेकर लोग विभिन्न रूपों में अपना आक्रोश भी प्रकट कर रहे हैं, जिसकी चर्चा मीडिया में भी काफी व निरन्तर रहती है।  

नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी मंत्री को पत्र लिखा। उन्होंने लिखा, 'ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों में बिजली की स्थिति बहुत खराब है। छात्र, किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।'

यह भी पढ़ें: प्रीपेड मीटर के नाम पर लिए गए थे पैसे, अब लौटाएगा बिजली विभाग, तरीका जान लीजिए

राजधानी में भी हालात नहीं संभाल पा रहे एके शर्मा

लखनऊ के विधायकों नीरज वोरा और राजेश्वर सिंह ने भी राजधानी और आसपास के इलाकों में बिजली कटौती की शिकायत की है। सभी नेता ऊर्जा मंत्री से तुरंत कार्रवाई करने और लोगों को राहत देने की मांग कर रहे हैं। उर्जा मंत्री सबके निशाने पर हैं लेकिन उर्जा मंत्री से हालात संभल नहीं रहे हैं। 

एके शर्मा के खिलाफ गुस्सा क्यों है?

उत्तर प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा हैं। यूपी की बिजली त्रासदी के लिए लोग उन्हें जिम्मेदार मान रहे हैं। पूर्वांचल, अवध, बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक में बिजली खूब काटी जा रही है।  यूपी में लगातार बिजली कटौती, बुनियादी ढांचे की खराब स्थिति और उनकी कथित अकर्मण्यता को लेकर लोग नाराज हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि जब उनसे सवाल किया जाता है तो वह टालमटोल करते हैं या धार्मिक नारे  लगाकर निकल जाते हैं। 

यूपी में बिजली संकट गहराता जा रहा है फिर भी उनका रवैया एक जैसा है। लोग यह कह रहे हैं कि मंत्री जी रील खूब बनाते हैं लेकिन काम नहीं कर पाते हैं। वह प्रशासनिक सेवा में शामिल रहे हैं फिर भी अपने विभाग के लचर प्रदर्शन को लेकर सबके निशाने पर हैं। बीजेपी के समर्थक और आम लोग, उन पर योगी सरकार की छवि खराब करने का आरोप लगा रहे हैं। उनकी कार्यशैली पर बीजेपी के पदाधिकारी ही सवाल उठा रहे हैं। उनके खिलाफ जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है।  


और पढ़ें