बेंगलुरु के अक्षर योग केंद्र ने एक दिन में 21 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बनाकर एक नया कीर्तिमान रचा है। अब तक यह संस्थान कुल 42 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स हासिल कर चुका है। अक्षर योग केंद्र ने एक दिन में हासिल 21 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को देश के सैनिकों को समर्पित किया है। चंडीगढ़ में अक्षर योग केंद्र के प्रतिनिधि के मुताबिक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की आधिकारिक टीम पूरे दिन हर प्रयास की निगरानी, सत्यापन और मूल्यांकन किया। सभी निर्धारित मानकों का पालन किया और 21 वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का ऐलान किया।
हिमालयन सिद्ध के मार्गदर्शन पर यह उपलब्धि संस्थान ने हासिल की। अक्षर योग केंद्र ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक संस्था की सफलता नहीं, बल्कि भारत की प्राचीन योग परंपरा, अनुशासन, समर्पण और सामूहिक चेतना का वैश्विक प्रदर्शन है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं IPS दीपक गहलावत, जिन्हें 3 करोड़ की रिश्वत मामले में CBI ने अरेस्ट किया
योग अभियान में भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, ताइवान, जापान, कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, मलेशिया, इंडोनेशिया, कनाडा, संयुक्त अरब अमीरात समेत 80 से अधिक देशों के योग साधकों ने हिस्सा लिया और इस वैश्विक योग अभियान को सफल बनाया।

हजारों प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों के माध्यम से विश्व रिकॉर्ड निर्माण बनाने में अपना योगदान दिया। ऑफलाइन योगासन रिकॉर्ड्स के साथ-साथ ऑनलाइन आयोजित त्राटक ध्यान अभियान में भी विश्वभर से हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
महीनों पहले शुरू हो गई थी तैयारी
संस्थान ने बताया कि एक ही दिन में 21 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स जीतने की तैयारी महीनों पहले शुरू हो गई थी। महीनों तक योजनाबद्ध प्रशिक्षण, अनुशासित अभ्यास और सैकड़ों मास्टर्स, स्वयंसेवकों, निर्णायकों, गवाहों और टीमों ने अथक परिश्रम किया।
इन योगासनों पर जीता खिताब
संस्थान ने गोमुखासन ,पार्श्वकोणासन, पादहस्तासन जानु शीर्षासन, प्रसारित पादोत्तानासन ,परिवृत्त त्रिकोणासन, क्रौंचासन, मत्स्यासन, भूनमनासन, उपविष्ट कोणासन, अर्ध चन्द्रासन, उत्थित बद्ध एकपादासन, परिवृत्त पार्श्वकोणासन, कूर्मासन, सूर्ययंत्रासन, सुप्त वज्रासन, द्विपाद विपरीत दण्डासन, बाल-पार्श्व भुज दण्डासन ,काकासन, भुजपीड़ासन, वैश्विक ऑनलाइन त्राटक ध्यान में गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्डस अपने नाम किए हैं।

यह भी पढ़ें: चुनाव से पहले पंजाब की महिलाओं को सरकार ने दिए पैसे, इसके मायने समझिए
केंद्रीय मंत्री से फिल्मी हस्तियों तक ने की सराहना
केंद्रीय आयुष मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव गणपतराव जाधव ने अक्षर योग केंद्र एवं हिमालयन सिद्धा अक्षर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल भारत की प्राचीन योग परंपरा को विश्वभर में नई पहचान प्रदान कर रही है। समाज को स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली की प्रेरणा दे रही है। उधर, अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, कर्नाटक के राज्यपाल, जनप्रतिनिधियों और अनेक अन्य हस्तियों ने भी इस उपलब्धि हासिल करने पर संस्थान की सराहना की।