लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में तीन महीने पहले मिले एक अज्ञात युवक के शव की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने प्रेम प्रसंग, विश्वासघात और सुनियोजित हत्या की ऐसी कहानी का खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। पुलिस के मुताबिक, एक शादीशुदा महिला ने अपने पति और नए प्रेमी के साथ मिलकर अपने पूर्व प्रेमी की हत्या की साजिश रची।
युवक को पहले बहाने से घर बुलाया गया, फिर बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। इसके बाद पहचान छिपाने के लिए शव को कासिमपुर नहर में फेंक दिया गया। मामले में पुलिस ने महिला और उसके नए प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि महिला का पति अभी फरार है।
तीन महीने बाद खुली ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि 2 मई को हरदुआगंज थाना क्षेत्र में मछुआ के पास कासिमपुर नहर से एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। शव पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले थे, जिससे हत्या की आशंका के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान खैर थाना क्षेत्र के शहरोई गांव निवासी अमित पुत्र कमल सिंह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश किया।
यह भी पढ़ें: पति की शिकायत करने थाने गई, नहीं हुई सुनवाई तो ट्रेन के आगे कूदकर दे दी जान
पांच साल का प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि जंवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी कल्पना का अमित के साथ करीब पांच साल से प्रेम संबंध था। इसी दौरान उसकी दोस्ती बुलंदशहर के महाराजपुर निवासी लोकेश से हुई और दोनों के बीच भी प्रेम संबंध बन गए। पुलिस के अनुसार, महिला पुराने प्रेमी अमित से छुटकारा चाहती थी। इसी वजह से उसने अपने पति संजू और नए प्रेमी लोकेश के साथ मिलकर हत्या की पूरी साजिश तैयार की।
घर बुलाकर पीट-पीटकर की हत्या
पुलिस के मुताबिक, 30 अप्रैल की रात कल्पना ने अमित को अपने घर बुलाया। वहां पहले से उसका पति संजू और नया प्रेमी लोकेश मौजूद थे। तीनों ने मिलकर अमित पर फूंकनी और लोहे के कड़े से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण अमित की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों आरोपी शव को कासिमपुर नहर में ले गए और वहां फेंक दिया, ताकि पहचान न हो सके और मामला अज्ञात हत्या या हादसे जैसा लगे।
यह भी पढ़ें: 16 साल की लड़की का अपहरण किया, 70 साल के बूढ़े ने किया रेप, 5 गिरफ्तार
दो आरोपी गिरफ्तार, पति की तलाश जारी
पुलिस ने जांच के दौरान कल्पना और उसके प्रेमी लोकेश को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई फूंकनी, लोहे का कड़ा और घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। वारदात में शामिल महिला का पति संजू अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि इस ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करने वाली जंवा थाना पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।