उत्तर प्रदेश के जिला अलीगढ़ में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के 19 वर्षीय छात्र कृष्णा ने देर रात पीजी में फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस को उसके कमरे से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने खुद को 'लूजर’ बताते हुए लिखा कि वह कुछ कर नहीं पा रहा है, इसलिए अपनी जान दे रहा है। कृष्णा पढ़ाई में होनहार था और करीब तीन महीने पहले ही एनडीए की लिखित परीक्षा पास कर चुका था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। जम्मू से उसके पिता अलीगढ़ पहुंचे हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कृष्णा जम्मू के पीर मीठा इलाके का रहने वाला था। उसके पिता विक्रांत शर्मा भारतीय जनता पार्टी के पूर्वी मंडल के प्रवक्ता हैं। परिजनों के मुताबिक कृष्णा चार दिन पहले ही घर से अलीगढ़ वापस लौटा था। घटना से करीब तीन घंटे पहले ही पिता की उससे वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। उस समय परिवार को किसी बड़ी परेशानी का अंदाजा नहीं था।
कृष्णा 12वीं के बाद एएमयू में दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। वह फ्रेंच भाषा की पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के साथ उसने एनडीए की परीक्षा भी दी थी और करीब तीन महीने पहले लिखित परीक्षा पास की थी। अब उसे आगे की प्रक्रिया में शामिल होना था।
यह भी पढ़ें: 'मम्मी-पापा आपको परेशान नहीं करना', बी टेक की पढ़ाई करने वाले लड़के ने दे दी जान
सुसाइड नोट में लिखा- ‘मैं लूजर हूं’
पुलिस को कृष्णा के कमरे से मिले सुसाइड नोट में ‘मैं लूजर हूं’ और कुछ कर नहीं पाने जैसी बातें लिखी होने की जानकारी सामने आई है। नोट में ‘बाबू’ शब्द भी लिखा बताया जा रहा है। पुलिस इस शब्द और नोट की जानकारी के आधार पर उसके दोस्तों और करीबियों से पूछताछ कर रही है।
फोन की जांच से सामने आ सकती है वजह
कृष्णा के साथियों ने पुलिस को बताया कि वह किसी से फोन पर काफी देर तक बातचीत करता था। पुलिस उसके मोबाइल की जांच और कॉल विवरण जुटाने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: पहले सिपाही थे, फिर बन गए दरोगा, ट्रेनिंग के 8 लाख चुकाने की बात सुनकर सब परेशान
बहन से वीडियो कॉल पर राखी बंधवाने का था वादा
घरवालों के मुताबिक कृष्णा ने रक्षाबंधन पर अपनी बहन से वीडियो कॉल के जरिए राखी बंधवाने का वादा किया था। परिवार को क्या पता था कि इसके कुछ ही समय बाद उन्हें उसकी मौत की खबर मिलेगी। कृष्णा की मौत से मां और बहन बदहवास हैं। वहीं पिता जम्मू से अलीगढ़ पहुंच चुके हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसके चलते एनडीए की लिखित परीक्षा पास कर चुके इस छात्र ने इतना बड़ा कदम उठा लिया।