उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीबीडी इलाके में बीटेक के छात्र आदर्श मिश्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आदर्श मूलरूप से संतकबीरनगर के मेहरौवा के रहने वाले थे और लखनऊ में निजी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहे थे। पुलिस को उनके कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें छात्र ने लिखा कि वह मम्मी-पापा को परेशान नहीं करना चाहता। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आदर्श निजी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहे थे और किराये का कमरा लेकर रहते थे। मंगलवार को उन्होंने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो वहां से सुसाइड नोट बरामद हुआ। सुसाइड नोट में आदर्श ने लिखा है कि वह बीकाॅम करना चाहते थे। इसके बावजूद उनका दाखिला बीटेक में कराया गया। पुलिस को ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आदर्श की अपने घरवालों से कोई बात हुई थी। हालांकि, परिजन ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'वह मेरी गर्लफ्रेंड है...’, फुफेरे भाई की हरकतों से परेशान NEET छात्रा ने दी जान
संत कबीरनगर का रहने वाला था छात्र
आदर्श संतकबीरनगर का रहने वाला था और दो दिन पहले ही लखनऊ लौटा था। उसके पिता प्रदीप मिश्रा बिजली विभाग में लाइनमैन हैं। आदर्श तीन बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस के मुताबिक मंगलवार को आदर्श की फोन पर घरवालों से बात हुई थी। दोपहर में परिवार को दोस्तों और पुलिस के माध्यम से जानकारी मिली कि आदर्श की तबीयत खराब है। परिजन लखनऊ पहुंचे और अस्पताल गए, जहां चिकित्सकों ने आदर्श को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: बारिश का कहर: सोते समय परिवार पर गिरी दीवार, पिता और मासूम बेटी की मौत
कमरे से मोबाइल और लैपटॉप बरामद
पुलिस ने आदर्श के कमरे की तलाशी ली तो वहां से मोबाइल फोन और लैपटॉप मिला है। पुलिस इन्हें कब्जे में लेकर जांच कर रही है। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि छात्र ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया। इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक छात्र रविवार को घर से लखनऊ लौटा था। शनिवार को उसके घर पर रुद्राभिषेक था, जिसमें शामिल होने के बाद वह लखनऊ आया था। पुलिस सुसाइड नोट, मोबाइल और लैपटॉप की जांच के साथ छात्र के संपर्क में रहे लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।