संजय सिंह, पटना। शनिवार को समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र से एक ऐसी खबर आई जिसने पूरे पुलिस महकमे को हिला कर रख दिया है। डायल-112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) बबलू कुमार प्रसाद का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और आनन-फानन में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मृतक मूल रूप से पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
कमरे में लटका मिला शव
घटना शनिवार की है। मोहिउद्दीन नगर थाना अंतर्गत डायल-112 की टीम में तैनात बबलू अपने आवास में थे। दोपहर तक जब वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे और फोन भी नहीं उठाया तो साथी पुलिसकर्मियों को शक हुआ।
यह भी पढ़ें: 'सब्र की परीक्षा न लें', सोनम वांगचुक मामले में अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया
साथी जवान जब उनके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। बबलू का शव रस्सी के सहारे फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद कमरे में सन्नाटा था। घटना को देखकर साथी पुलिसकर्मी तुरंत घबरा गए और इसकी सूचना अधिकारियों को दी।
अधिकारी मौके पर पहुंचे, शुरू हुई जांच
सूचना मिलते ही पटोरी के SDPO वीरेंद्र कुमार मेधावी और सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमरे और आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही कमरे से कुछ कागजात और मोबाइल को भी जब्त किया गया है।
शुरुआती जांच में कमरे में संघर्ष या किसी तरह की तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभी मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। आत्महत्या से लेकर अन्य सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 5 की मौत; 10 लोग घायल
बगहा के रहने वाले थे बबलू
मृतक एएसआई बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा थाना क्षेत्र के निवासी थे। वे पिछले कुछ समय से मोहिउद्दीन नगर थाना में डायल-112 की टीम में तैनात थे। उनकी ड्यूटी आपातकालीन कॉल और गश्त से जुड़ी थी। साथी पुलिसकर्मियों के मुताबिक वह मिलनसार और ड्यूटी के प्रति सजग रहने वाले अधिकारी थे। अचानक इस तरह की घटना से सभी स्तब्ध हैं। घटना की खबर बगहा स्थित उनके परिजनों को भी दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
फिलहाल पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल टीम की जांच के बाद ही मौत के असली कारण स्पष्ट हो पाएंगे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पहले बबलू से आखिरी बार किसकी बात हुई थी और वे किस तनाव में थे। मोबाइल कॉल डिटेल और कमरे से मिले सामान की भी जांच की जा रही है। अभी तक किसी तरह के सुसाइड नोट मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।