आंध्र प्रदेश के रेलवे ट्रैक पर एक छात्रा की लाश मिलने का मामला सामने आया है। छात्रा की पहचान हिमाश्री बोरो के रूप में हुई है। 20 वर्षीय हिमाश्री असम की रहने वाली थी। वह डांस कंपीटीशन में भाग लेने आंध्र प्रदेश गई थी। वहां से लौटते समय ट्रेन में उसे कई शराबी लोग दिखे जिससे वह असहज महसूस कर रही थी। उसने फोन पर अपनी भाभी और एक दोस्त को इसकी जानकारी दी थी।
हिमाश्री 6 अक्टूबर की रात विशाखापत्तनम से गुवाहाटी जाने वाली ट्रेन में बैठी थी। इसके बाद रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच परिवार का उससे संपर्क टूट गया। दो दिन बाद आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में रेलवे ट्रैक के पास उसका शव मिला। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है और साथ ही रेलवे सुरक्षा बल पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें: मैड संधू हत्याकांड का शूटर अहमदाबाद से हुआ गिरफ्तार, अमृतसर ला रही पुलिस
भाभी से क्या बात हुई थी
हिमाश्री बोरो असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन जिले के बोंडा की रहने वाली थी। वह डांस ग्रुप के साथ कंपीटीशन में भाग लेने विशाखापत्तनम गई थी। उसे गुवाहाटी वापस लौटकर एक परीक्षा देनी थी। इस वजह से वह अपने ग्रुप के बाकी सदस्यों से पहले अकेले लौट रही थी। 6 अक्टूबर को रात करीब 12:15 बजे वह ट्रेन नंबर 22503 में सवार हुई थी।
विशाखापत्तनम स्टेशन पर एक परिचित उसे ट्रेन में बैठाने आया था। सीसीटीवी फुटेज में हिमाश्री ट्रेन के S-2 कोच में चढ़ती दिखाई देती है। ट्रेन में चढ़ने के बाद उसने अपनी भाभी और एक दोस्त को फोन किया था। उसने बताया कि कोच में कई शराबी लोग मौजूद थे। उनके बीच वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही थी, उसने कोच का वीडियो भी शेयर किया था।
कब टूटा था परिवार से संपर्क
हिमाश्री की भाभी बताती हैं कि रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच परिवार का उससे संपर्क टूट गया था। इसके बाद परिवार ने रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दी। उन्हें बताया गया कि रेलवे सुरक्षा बल के जवान उसकी तलाश करेंगे। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) ने माना कि रेल मदद पोर्टल पर एक महिला यात्री शिकायत मिली थी। इसके बाद RPF के एक सहायक और बाकी जवानों ने श्रीकाकुलम रोड स्टेशन पर ट्रेन की तलाशी ली। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें: दिनदहाड़े वकील की गोली मारकर हत्या, सीने पर चढ़कर कनपटी में मारी गोली
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
रेलवे सुरक्षा बल को हिमाश्री का शव आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में पोंडुरु और दूसी रेलवे सेक्शन के बीच मिला। अस्पताल में शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि वह विशाखापत्तनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हिमाश्री चलती ट्रेन से गिर गई होगी।
असम सरकार शव वापस लाने में करेगी मदद
असम के विधायक तपन दास ने कहा है कि राज्य सरकार हिमाश्री का शव वापस लाने में परिवार की मदद करेगी। उन्होंने बताया कि पहले पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद शव को गुवाहाटी लाने के लिए उड़ान की व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल पुलिस और रेलवे अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।