logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बदायूं: हथकड़ी की रस्सी काट थाने से भागा चोर, बाहर खड़ा रहा सिपाही

यूपी के बदायूं में चोरी के आरोप में पकड़ा गया शख्स शौचालय से हथकड़ी में लगी रस्सी काटकर फरार हो गया। बाहर खड़े सिपाही को भनक तक नहीं लगी।

AI generated photo

प्रतीकात्मक फोटो। (AI-generated image)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चोरी के आरोप में पकड़ा गया एक युवक पुलिस की निगरानी और हाथों में हथकड़ी होने के बावजूद थाने से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी शौचालय जाने के बहाने पुलिसकर्मी को चकमा देकर हथकड़ी से बंधी रस्सी की सिलाई काटने में कामयाब रहा। इसके बाद बिना जंगले वाले रोशनदान से बाहर निकलकर फरार हो गया।

 

उधर, सिपाही शौचालय के बाहर रस्सी थामे खड़ा रहा और उसे भनक तक नहीं लगी कि आरोपी अंदर से भाग चुका है। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर जब रस्सी खींची गई तो वह हथकड़ी से अलग होकर बाहर आ गई। दरवाजा खोलकर देखा गया तो आरोपी गायब था। घटना के बाद थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।


फरार आरोपी की पहचान दहगवां के वार्ड नंबर एक निवासी मिथुन उर्फ टिकाऊ के रूप में हुई है। उस पर दहगवां चौराहे स्थित सपा नेता लड्डन मियां के पेट्रोल पंप की रसोई से गैस सिलेंडर चोरी करने का आरोप है। चोरी की पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। शुक्रवार दोपहर पेट्रोल पंप के मैनेजर महिपाल की तहरीर पर जरीफनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई और तस्करा डालकर उससे पूछताछ की जा रही थी।

शौचालय जाने के बहाने काटी रस्सी

रात करीब आठ बजे मिथुन ने पुलिसकर्मियों से शौचालय जाने की बात कही। इसके बाद एक सिपाही उसे हथकड़ी लगाकर शौचालय तक ले गया। सिपाही बाहर खड़ा होकर हथकड़ी से बंधी रस्सी पकड़े रहा, जबकि आरोपी ने अंदर पहुंचते ही भागने की तैयारी शुरू कर दी। उसने हथकड़ी से बंधी रस्सी की सिलाई काटकर खुद को उससे अलग कर लिया। इसके बाद शौचालय में बने बिना जंगले वाले रोशनदान के रास्ते बाहर निकलकर फरार हो गया।

 

यह भी पढ़ें: हाथ पकड़ा, जबरन किस करने की कोशिश; UP में हेडमास्टर पर रेप का आरोप

रस्सी खींची तो खुली फरारी की पोल

आरोपी के फरार होने की जानकारी पुलिसकर्मियों को काफी देर तक नहीं हुई। सिपाही बाहर रस्सी पकड़े खड़ा रहा। जब काफी समय तक अंदर से कोई हलचल नहीं हुई तो रस्सी खींची गई। रस्सी हथकड़ी से अलग होकर बाहर आ गई। इसके बाद शौचालय का दरवाजा तोड़कर देखा गया तो आरोपी वहां से गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी पुलिस

एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया के मुताबिक आरोपी को थाने लाया गया था, लेकिन उसे औपचारिक रूप से दाखिल नहीं किया गया था। तस्करा डालकर उससे पूछताछ की जा रही थी। आरोपी के फरार होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: खाने में नींद की गोली, फिर 2 करोड़ की चोरी! नौकरानी ने रची साजिश

थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना ने पुलिस की निगरानी और थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हथकड़ी लगाए जाने और सिपाही के बाहर मौजूद रहने के बावजूद आरोपी आखिर शौचालय से फरार कैसे हो गया? शौचालय के रोशनदान में जंगला क्यों नहीं लगा था? हथकड़ी से बंधी रस्सी की सिलाई काटने के दौरान पुलिसकर्मी को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। 

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें