उत्तराखंड में स्थित बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर गिरफ्तारी हो गई है। इस मामले में चमोली पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रमोद कुमार नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उनके देहरादून स्थित आवास पर हुई है। बताया जा रहा है कि पुलिस की एक टीम सादी वर्दी में उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची थी। प्रमोद कुमार को अब चमोली लाया जा रहा है, जहां इस मामले में उससे पूछताछ की जाएगी।
प्रमोद नौटिया की गिरफ्तारी पर लंबे समय से तलवार लटकी हुई थी। उन्हें पहले ही निलंबित कर दिया गया था और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए होई कोर्ट गए थे। हाईकोर्ट ने बीकेटीसी से स्थिति स्पष्ट करने को कहा था और मामले की सुनवाई के लिए 16 जुलाई की तारीख दी थी। हालांकि, इससे पहले ही प्रमोद नौटियाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में कुछ और लोगों की भी गिरफ्तारी होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 'मुसलमानों का बोलता नेता बर्दाश्त नहीं कर पाती सपा', इमरान मसूद ऐसा क्यों बोले?
पुलिस ने क्या बताया?
चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि आरोपी प्रमोद नौटियाल को रविवार देर रात उनके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें चमोली लाया गया और इस मामले से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रमोद कुमार को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
क्या हैं आरोप?
बद्रीनाथ मंदिर कमेटी ने चढ़ावा चोरी को लेकर जांच-पड़ताल की है। इस जांच के दौरान मंदिर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जहां कमेटी अध्यक्ष के सचिव चढ़ावे का कुछ सामान अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिए। जानकारी के मुताबिक, प्रमोद नौटियाल चढ़ावे के रुपयों की गिनती करते थे। इसी दौरान एक दिन उन्होंने चढ़ावे के रुपयों की गिनती की और उसके बाद कथित तौर पर चढ़ावे का कुछ सामान अपने साथ ले गए। हालांकि, गिरफ्तारी के बाद प्रमोद नौटियाल ने कहा है कि उनकी गलती नहीं है। प्रमोद का परिवार पुलिस की कार्रवाई को गलत बता रहा है।
यह भी पढ़ें: '3 लाख में बुक किया था कोच', ट्रेन में रुद्राभिषेक कराने पर रेलवे ने दी सफाई
एसआईटी कर रही जांच
इस मामले के सामने आने के बाद पिछले हफ्ते उत्तराखंड सरकार ने तीन मेंबर्स की एक एसआईटी बना दी थी। भैरव सेना के संस्थापक संदीप खत्री ने इस मामले का सबसे पहले खुलासा किया था। संदीप खत्री ने आरोप लगाया था कि उन्हें इस तरह की जानकारी मिली है कि बदरीनाथ मंदिर में दान चोरी हो रही है। राम मंदिर चंदा चोरी विवाद के बीच यह मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया था। इसके बाद बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को निलंबित किया गया और अब उनकी गिरफ्तारी भी हो गई है।