उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दूल्हे ने बिजली कटने से नाराज होकर अपनी पूरी बारात डीएम ऑफिस पहुंचा दी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे कुलदीप नाम का यह दूल्हा शेरवानी पहनकर और हाथ में पूजा की थाली लेकर बैंड-बाजे के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा। दूल्हे की मांग थी कि उसकी शादी के गिफ्ट के तौर पर 15,000 रुपये का बिजली बिल माफ कर दिया जाए। दूल्हे ने कहा कि बिल न भरने की वजह से विभाग ने उसके घर की बत्ती काट दी है, ऐसे में वह अपनी दुल्हन को अंधेरे घर में कैसे लाएगा।
बांदा के मटौंध थाना क्षेत्र के कुलदीप की शादी महोबा की एक युवती से तय हुई थी। रविवार रात करीब 10:45 बजे जब घर में मेहंदी की रस्में और नाच-गाना चल रहा था, तभी अचानक बिजली कट गई। पहले परिवार को लगा कि यह सामान्य कटौती है लेकिन पड़ोसियों के घर में रोशनी देखकर पता चला कि स्मार्ट मीटर का बैलेंस खत्म होने और 15,000 रुपये का बिल बकाया होने की वजह से कनेक्शन काटा गया है।
यह भी पढ़ें: नए जूते पहनने की जिद कर रहा था छोटा भाई, बड़े भाई ने जान से मार डाला
'अंधेरे घर में दुल्हन को कैसे लाऊंगा?'
कुलदीप ने बिजली विभाग पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से कहा, 'हम एक साधारण परिवार के लोग हैं, इतना भारी बिल कैसे भर पाएंगे?' उसने दुख जताते हुए यह भी कहा, 'इतनी भयंकर गर्मी में बिना बिजली के रहना मुश्किल है, मैं अपनी दुल्हन को अंधेरे घर में कैसे लेकर आऊंगा?' दूल्हे ने मांग की कि प्रशासन उसे शादी के गिफ्ट के तौर पर यह बिल माफ कर दे। घरवाले पूरी रात परेशान रहे और सुबह जब बारात निकलने का समय आया, तो कुलदीप ने साफ कह दिया कि पहले सब मेरे साथ डीएम ऑफिस चलो।
शेरवानी में पहुंचे कुलदीप
कलेक्ट्रेट परिसर में बारात और बैंड-बाजे को देखकर भारी भीड़ जमा हो गई। बारात में शामिल महिलाएं हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रही थीं, जिस पर लिखा था, 'दुल्हन को घर आना चाहिए, बिजली बचानी चाहिए, मेरे शादी के तोहफे के रूप में बिजली का बिल माफ करो।' कुलदीप ने साफ कह दिया था कि जब तक उसकी समस्या का समाधान नही होता तब तक वह कोई रस्में नही करेगा।
यह भी पढ़ें: बार डांसर के बाद बन गई डीलर, अब 6 करोड़ की ड्रग्स के साथ हुई गिरफ्तार
सिटी मजिस्ट्रेट ने दिए जांच के आदेश
दूल्हे की परेशानी सुनकर सिटी मजिस्ट्रेट संदीप केला ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। दूसरी तरफ बिजली विभाग के बड़े अधिकारी राजीव गर्ग ने बताया कि स्मार्ट मीटर का बैलेंस कम होने पर ही बिजली कटती है। प्रशासन से मदद का भरोसा मिलने के बाद ही कुलदीप शांत हुआ और वहां से अपनी बारात लेकर शादी करने के लिए महोबा रवाना हुआ।