उत्तर प्रदेश के जिला बाराबंकी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। यहां 42 लाख रुपये के मुआवजे की रकम में बहन को हिस्सा न देना पड़े, इसके लिए उसके सगे भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर आंगनबाड़ी कार्यकत्री की हत्या कर दी। आरोप है कि घर में अकेली रह रही बहन को खाना बनाते समय ईंट से सिर और चेहरे पर कई वार कर मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी भाई संदीप और उसकी पत्नी शीतल उर्फ मायावती को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद की गई है।
मामला बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के महादेवा गांव का है। यहां आंगनबाड़ी कार्यकत्री मंजू का शव उसके घर में खून से लथपथ हालत में मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतका की बहन वंदना पत्नी ओमप्रकाश निवासी बिंदौरा परसपुर ने 1 नवंबर को रामनगर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मंजू की हत्या उसके भाई संदीप और भाभी शीतल ने ईंट से वार करके की है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया। वारदात के खुलासे के लिए एसपी रवीना त्यागी ने स्वाट, सर्विलांस और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की थीं।
यह भी पढ़ें: 10 लाख की सुपारी: अधिवक्ता की हत्या, 32 बीघा जमीन के लिए रची गई खूनी साजिश
42 लाख रुपये के मुआवजे को लेकर थी रंजिश
पुलिस की पूछताछ में हत्या के पीछे मुआवजे की रकम को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपी संदीप ने बताया कि उनका मकान महादेवा कॉरिडोर में चला गया था, जिसके बदले करीब 42 लाख रुपये का मुआवजा मिला था। आरोप है कि संदीप इस रकम में अपनी बहन मंजू को हिस्सा नहीं देना चाहता था। इसी बात को लेकर भाई-बहन के बीच रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते संदीप और उसकी पत्नी शीतल ने मंजू की हत्या की योजना बनाई। घर में अकेली रह रही मंजू को रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
रसोई में खाना बनाते समय ईंट से किए कई वार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 30 अक्टूबर की दोपहर मंजू अपने घर की रसोई में खाना बना रही थी। इसी दौरान संदीप और शीतल ने रसोई में रखी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण मंजू की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर का दरवाजा बंद कर मौके से फरार हो गए।पुलिस ने घटनास्थल और जांच से मिले तथ्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट को भी बरामद करने की कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें: 2 लाख रिश्वत मांगी, सप्लाई इंस्पेक्टर सस्पेंड; थाने में सड़ गया 95 क्विंटल चावल
गजपतिपुर मोड़ से भाई-भाभी गिरफ्तार
एएसपी विवेक तिवारी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस और डिजिटल डेटा की मदद से जांच की गई। मंगलवार को गजपतिपुर मोड़ के पास से आरोपी संदीप और उसकी पत्नी शीतल उर्फ मायावती को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, 42 लाख रुपये के मुआवजे में हिस्सा देने से बचने के लिए बहन की हत्या किए जाने का आरोप है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।