केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद अपराजिता सारंगी की बेटी अर्चिता सारंगी की एक इंस्टाग्राम स्टोरी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। अर्चिता ने अपनी स्टोरी में साफ लिखा कि वह अपनी पोस्ट डिलीट नहीं करेंगी। इसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गईं और कुछ समय बाद उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी डीएक्टिवेट दिखाई देने लगा।
दरअसल,
NEET
-UG 2026 पेपर लीक विवाद और जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के बीच शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के कुछ ही देर बाद अर्चिता सांरगी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इससे जुड़ी एक न्यूज हेडलाइन शेयर की। इसके बाद उन्होंने एक और पोस्ट कर ऐसा संदेश लिखा जिसने पूरे घटनाक्रम को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया।
यह भी पढ़ें: 'सत्ता तंत्र का हो रहा दुरुपयोग', बांकीपुर चुनाव पर प्रशांत किशोर का बड़ा आरोप
क्या है पूरा मामला?
अर्चिता सारंगी ने अपनी दूसरी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, 'DP के PA जो मेरी मां को मैसेज करके मुझसे पिछली स्टोरी डिलीट करवाने वाले हैं (ऐसा पहले भी हो चुका है), परेशान मत होइए... मैं पोस्ट डिलीट नहीं करूंगी। जय जगन्नाथ! जय हिंद!' इस पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि उन पर पोस्ट हटाने का दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि इस दावे की किसी भी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। कुछ समय बाद उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी उपलब्ध नहीं दिखा लेकिन यह साफ नहीं हो सका कि अकाउंट उन्होंने खुद बंद किया या किसी अन्य कारण से वह डीएक्टिवेट हुआ है।
यह भी पढ़ें: 'अंतरिम शिक्षा मंत्री हैं प्रह्लाद जोशी...', संजय राउत ने यह कैसा दावा किया?
अपराजिता सारंगी ने किया धर्मेंद्र प्रधान का बचाव
जहां अर्चिता की पोस्ट सुर्खियों में रही वहीं उनकी मां और भुवनेश्वर से BJP सांसद अपराजिता सारंगी ने धर्मेंद्र प्रधाान के फैसले का सपोर्ट किया। उन्होंने कहा कि प्रधान ने NEET पेपर लीक मामले में नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दिया है जो उनके साहस और जवाबदेही को दर्शाता है। अपराजिता सारंगी पहले ही भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी रह चुकी हैं और बाद में राजनीति में आईं।