महाराष्ट्र के पुणे में बिग बॉस मराठी शो में हिस्सा ले चुकी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दिव्या शिंदे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर 65 वर्षीय पुणे कैंटोनमेंट हॉस्पिटल के पूर्व चीफ मेडिकल ऑफिसर के घर में घुसकर मारपीट करने और 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, घटना में डॉक्टर घायल हुए थे। इलाज के बाद उन्होंने कालेपाड़ल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 2021 में पुणे कैंटोनमेंट हॉस्पिटल के चीफ मेडिकल ऑफिसर के पद से रिटायर हुए थे। और एक सामाजिक संस्था से जुड़े हैं। इसी संस्था की ओर से 1 से 3 सितंबर के बीच बाल गंधर्व रंगमंदिर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आरोप है कि इन्फ्लुएंसर ने इस कार्यक्रम का प्रचार करने का दावा करते हुए डॉक्टर से 5 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी थी।
यह भी पढ़ें: दार्जिलिंग के सवाल पर Article 371F की चर्चा क्यों? समझिए पूरा विवाद
फोन और मैसेज से शुरू हुई पैसे की मांग
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर या उनकी संस्था ने इन्फ्लुएंसर को कार्यक्रम में आधिकारिक तौर पर आमंत्रित नहीं किया था। न ही उसे कार्यक्रम का प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बावजूद वह अगस्त से फोन कॉल और मैसेज के जरिए डॉक्टर से 5 लाख रुपये की मांग कर रही थी। आरोप है कि 17 सितंबर को इन्फ्लुएंसर कुछ अन्य लोगों के साथ डॉक्टर के घर पहुंची। उस समय डॉक्टर घर पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद उनके परिवार के सदस्यों को कथित तौर पर धमकाया गया और आरोपी वहां से चले गए।
रेस्टोरेंट में बुलाकर भी मांगे पैसे
इसके बाद 23 सितंबर को इन्फ्लुएंसर ने डॉक्टर को एक रेस्टोरेंट में बुलाया। आरोप है कि वहां भी उनसे 5 लाख रुपये देने की मांग की गई। डॉक्टर ने पैसे देने से इनकार कर दिया। अगले दिन 24 सितंबर को इन्फ्लुएंसर और उसके साथ आए कुछ लोग कथित तौर पर डॉक्टर के घर में घुस गए। पुलिस शिकायत के मुताबिक, इस दौरान डॉक्टर के साथ धारदार हथियारों से मारपीट की गई, जिसमें वह घायल हो गए। इसके बाद उन्होंने इलाज कराया और ठीक होने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें: CEC के इस्तीफे की मांग पर पटना में बवाल, CPI कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प
डॉक्टर ने महिला इन्फ्लुएंसर समेत कुल 11 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कालेपाड़ल पुलिस की सीनियर इंस्पेक्टर गिरिशा निंबालकर ने बताया कि इन्फ्लुएंसर को घर में घुसने, रंगदारी मांगने और मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। शिकायत और पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।