logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बिहार: 2 नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेंगे, 10 जिलों में शुरू होगी हवाई सेवा

बिहार में हवाई सुविधाओं का विस्तार करने के लिए दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। इसके अलावा पटना, गया, दरभंगा समेत 10 से अधिक जिलों में एयरपोर्ट विकसित कर हवाई सेवा शुरू करने की योजना है।

AI-Generated Image of an airport airplane

सांकेतिक तस्वीर। (AI-generated image)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार को दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट मिलने वाले हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2030-31 तक सोनपुर और भागलपुर-मुंगेर क्षेत्र के अजगैबीनाथ धाम में एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके अलावा पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया और रक्सौल एयरपोर्ट का निर्माण और विस्तार अगले 3 से 4 वर्षों में पूरा करने की योजना है।

 

सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर इन परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इनके पूरा होने से बिहार के अलग-अलग हिस्सों के लोगों को हवाई सफर के ज्यादा विकल्प मिलेंगे।

 

नीलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का काम पूरा हो चुका है। वहीं, दरभंगा एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल और रनवे बनाने का काम तेजी से चल रहा है। यहां करीब 3,700 मीटर लंबा रनवे बनाया जा रहा है। नए टर्मिनल का काम 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

 

दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा देने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भी भेजा गया है। इसके अलावा यहां सामान की ढुलाई के लिए कार्गो हब बनाया जाएगा। इसके लिए जमीन अधिग्रहण का काम अगले 1 से 2 महीने में पूरा करने की योजना है। एयरपोर्ट के विस्तार से मिथिला क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा। उन्हें हवाई यात्रा के लिए पटना या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा।

पूर्णिया में भी रनवे

नीलेश रामचंद्र देवरे ने कहा कि पूर्णिया में भी रनवे को अपग्रेड करने का काम जारी है। पूर्णिया एयरपोर्ट के विकास एवं संचालन के लिए बिहार सरकार की ओर से भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को 67.18 एकड़ भूमि हस्तांतरित की गई है। प्राधिकरण की ओर से यहां 294.05 करोड़ रुपये से सिविल एन्क्लेव का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही हवाई अड्डे के पास कार्गो कॉम्प्लेक्स एवं एयरोसिटी के निर्माण के लिए करीब 567 एकड़ भूमि अर्जित किए जाने के लिए लगभग 290 करोड़ रुपये की राशि की स्वीकृति की कार्रवाई की जा रही है। पूर्णिया एयरपोर्ट के शुरू होने से सीमांचल के लोगों को बड़ा फायदा होगा। उन्हें अब पटना या बागडोगरा नहीं जाना पड़ेगा।

 

यह भी पढ़ें: बिहार: नदियों से गाद निकालेगी सरकार, डिप्टी CM की 12 ड्रेजर कंपनियों के साथ बैठक

गया में बनेगा बिहार का पहला कैट-1 एयरपोर्ट

सचिव ने कहा कि गया एयरपोर्ट पर कैट-1 लाइटिंग सिस्टम लगाने के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके स्थापित होने के बाद घने कोहरे, धुंध और कम विजिबिलिटी के दौरान भी यहां विमानों की सुरक्षित लैंडिंग हो सकेगी। इसके साथ ही गया कम विजिबिलिटी में भी विमानों का संचालन करने वाला बिहार का पहला एयरपोर्ट बन जाएगा। गया में हर साल लाखों बौद्ध श्रद्धालु आते हैं। सर्दियों में कोहरे के कारण कई उड़ानें रद्द हो जाती थीं। अब कैट-1 सिस्टम लगने से यह समस्या खत्म हो जाएगी।


देवरे ने कहा कि मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर और सहरसा के हवाई अड्डे उड़ान योजना के तहत विकसित किए जाएंगे। रक्सौल में बड़ा एयरपोर्ट तैयार किया जा रहा है। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित इस बड़े एयरपोर्ट को 3-4 साल में पूरा कर लिए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

उन्होंने बताया कि रक्सौल हवाई अड्डे के लिए 139 एकड़ अतिरिक्त जमीन का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है। अब भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को जमीन सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए DPR तैयार की जा रही है। रक्सौल एयरपोर्ट के बनने से नेपाल से आने वाले पर्यटकों और व्यापारियों को भी फायदा होगा।

 

यह भी पढ़ें: बिहार: अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा दिया, नियुक्ति पर था विवाद

'बदलेगा बिहार का हवाई  नक्शा'

मुजफ्फरपुर के पताही हवाई अड्डे पर करीब 27.67 करोड़ रुपये की लागत से टर्मिनल भवन और 31.20 करोड़ रुपये से रनवे का निर्माण शुरू हो चुका है। जबकि वाल्मीकिनगर में 27.15 करोड़ रुपये से टर्मिनल और 23.80 करोड़ रुपये से रनवे बनाया जाएगा। यहां संपर्क सड़क के लिए भी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि वीरपुर में 88.83 एकड़ जमीन अधिग्रहण की गई है। यहां 30.48 करोड़ रुपये से टर्मिनल भवन और 28.42 करोड़ रुपये से रनवे बनेगा। सहरसा में भी रनवे के अतिरिक्त विकास के लिए 12 एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। यहां रनवे निर्माण पर 42.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

 

इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार का हवाई नक्शा पूरी तरह बदल जाएगा। अभी बिहार में सिर्फ पटना, गया और दरभंगा से ही नियमित उड़ानें चलती हैं। आने वाले वर्षों में 10 से अधिक जिलों से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। इससे न सिर्फ यात्रियों को फायदा होगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। बिहार के मखाना, लीची, आम और अन्य उत्पादों को कार्गो के जरिए देश-विदेश भेजा जा सकेगा। सचिव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के हर व्यक्ति को उसके घर के नजदीक से हवाई सुविधा मिले।

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें