logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'यह सरकार बिहार की जनता की है, हम आपके सेवक हैं', बोले बिहार के CM सम्राट चौधरी

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर बिहार की जनता को अहम संदेश दिया। उन्होंने ऐलान किया कि यह सरकार जनता की है। साथ ही सम्राट चौधरी ने सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी।

Samrat Choudhary

सम्राट चौधरी, Photo Credit- Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनता को खास संदेश देते हुए कहा कि यह सरकार बिहार की जनता की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को पटना परिसर में आयोजित कार्यक्रम से यह संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 100 दिनों का हर फैसला जनहित, सुशासन और बिहार के सर्वांगीण विकास को समर्पित रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए सरकार दिन-रात काम कर रही है।


सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास के लिए 11,464 करोड़ रुपये की लागत वाली 2,476 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास और उद्घाटन किया। साथ ही 100 दिनों की उपलब्धियों पर आधारित पत्रिका, कॉफी टेबल बुक और वीडियो फिल्म का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 100 दिनों में बिहार ने विकास की नई गति पकड़ी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, निवेश और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'अफवाह फैलाई तो खैर नहीं', कांवड़ के लिए UP में तैयारी क्या है?

 


शिक्षा के क्षेत्र में आजादी के बाद से अब तक सिर्फ 278 डिग्री कॉलेज थे। सरकार ने एक ही दिन में 211 नए डिग्री कॉलेज शुरू किए। 551 स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाया गया। नालंदा के बाद अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय के विकास के लिए 220 एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी गई है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर एआई और कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय तथा शहीद जुब्बा सहनी के नाम पर आर्किटेक्चर एवं इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएंगे। कर्पूरी ठाकुर संस्थान में रिसर्च सेंटर भी बनेगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में 15 अगस्त के बाद जिला और अनुमंडल अस्पतालों से बिना गंभीर बीमारी के रेफर करने की व्यवस्था खत्म होगी। पीपीपी मॉडल से मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।


उद्योग और निवेश का लक्ष्य


सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार को निवेश का हब बनाना है। हर जिले में एक-एक उद्योग लगाने का लक्ष्य है। 20 नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश बिहार में लाने का संकल्प है। वैशाली के राजापाकर में इंडस्ट्रीज और इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क बनेगा। इसमें 20 से 30 हजार करोड़ रुपये का निवेश आएगा और करीब 1 लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। गया के IMC परिसर में 3,000 एकड़ में डेडिकेटेड स्टील प्लांट हब बनाया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: पूर्णिया के नेवालाल चौक पर गोलीबारी, JDU नेता के बेटे और साले को लगीं 5 गोलियां

 

अगले 5 साल में 25 नई चीनी मिलें शुरू होंगी। बुनियादी ढांचे के लिए पटना में 26 किलोमीटर का मरीन ड्राइव बन चुका है। अगले 3 साल में 200 किलोमीटर का मरीन ड्राइव बनेगा। इस पर 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश आएगा। सोनपुर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, दरभंगा एयरपोर्ट का विस्तार और सुल्तानगंज में नया एयरपोर्ट भी बनाया जा रहा है। हेली-टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जाएगा।


सहयोग शिविर का एलान


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे लोगों से मिलते थे तो ज्यादातर आवेदन एक ही तरह की समस्याओं के होते थे। इनके समाधान के लिए राज्य के सभी 534 प्रखंडों में सहयोग शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक 7 लाख आवेदन आए हैं, जिनमें से 90 प्रतिशत का निपटारा हो चुका है। सिर्फ 4 अधिकारियों को तीसरा नोटिस देना पड़ा है।


जिन मामलों में आवेदक निर्णय से संतुष्ट नहीं हैं, उनकी सुनवाई मुख्यमंत्री खुद हर महीने के दूसरे मंगलवार को पटना में राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम में करेंगे। सरकार ने अभियान चलाकर 1 करोड़ लोगों को राशन कार्ड से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

 

यह भी पढ़ें: प्रदर्शन के दौरान RAF जवानों से मारपीट का आरोप, अब तक 10 FIR दर्ज

 

गंडक और कोसी नदी के किनारे कॉरिडोर बनाया जाएगा। पटना में जीविका टावर का निर्माण होगा, जो महिला सशक्तिकरण और स्वयं सहायता समूहों का आधुनिक केंद्र बनेगा। कृषि में आधुनिक तकनीक और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। 12 नई टाउनशिप विकसित की जाएंगी। 60-70 के दशक में सिर्फ पटना के कंकड़बाग में टाउनशिप बनी थी।

 

बिहार को समृद्ध बनाएंगे


मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह ने विकास की शुरुआत की, कर्पूरी ठाकुर ने सामाजिक न्याय दिया और नीतीश कुमार ने विकास की नींव मजबूत की। अब 14 करोड़ बिहारवासियों को आत्मनिर्भर और बिहार को विकसित राज्य बनाना हमारी जिम्मेदारी है। इसके लिए 15 से 18 घंटे काम करना पड़ेगा तो करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार देश का सबसे युवा और ऊर्जावान राज्य है। 

 

जनता के सहयोग से समृद्ध बिहार का संकल्प जरूर साकार होगा। आने वाले सालों में बिहार विकास, निवेश, रोजगार और नवाचार का अग्रणी इंजन बनेगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि ये 100 दिन सिर्फ आंकड़ों के नहीं हैं। ये बिहारवासियों के भरोसे के 100 दिन हैं और यही भरोसा आने वाले समय में बिहार को विकसित बिहार बनाएगा।


और पढ़ें