logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पूर्णिया के नेवालाल चौक पर गोलीबारी, JDU नेता के बेटे और साले को लगीं 5 गोलियां

बिहार के पूर्णिया में गोलीबारी हुई, जिसके बाद मरंगा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल गोलीबारी करने वाले आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।

Shooting JDU leader son and brother in law

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- Gemini

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के पूर्णिया जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मरंगा थाना क्षेत्र के नेवालाल चौक पर गोलीबारी हुई। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अज्ञात अपराधियों ने चाय की दुकान के पास पार्षद के बेटे और उनके रिश्ते के मामा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन खुद अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। एसएसपी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ के निगरानी में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया है। टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

 

पुलिस के अनुसार, नेवालाल चौक स्थित एक चाय की दुकान के पास यह घटना हुई। नगर निगम की पार्षद राखी कुशवाहा के पुत्र शुभम कुशवाहा और उनके रिश्ते के मामा सागर कुशवाहा वहां खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात अपराधी आए और दोनों पर फायरिंग कर दी। राखी के पति अमरेंद्र कुशवाहा जदयू (JDU) के नेता बताए जाते हैं। गोली लगने से दोनों लहूलुहान होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुभम कुशवाहा को तीन गोलियां लगीं, जबकि सागर कुशवाहा को दो गोलियां लगीं। 

 

यह भी पढ़ें: जबरन ले लिया था 949 रुपये का सर्विस चार्ज, कोर्ट ने लगाया 25000 का जुर्माना

 

गोलीबारी के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। अपराधी फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घायल होने के बाद सागर कुशवाहा ने हिम्मत दिखाते हुए खुद चारपहिया गाड़ी चलाकर शुभम को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय भी अपराधियों ने वाहन पर फायरिंग की। पुलिस को वाहन की चालक सीट के ऊपर एक गोली फंसी मिली है। साथ ही वाहन से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।

गंभीर है शुभम की हालत

 

गोलीबारी के बाद दोनों घायलों को कसबा स्थित मैक्स-7 अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार शुभम कुशवाहा की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। सागर कुशवाहा की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायल दोनों जदयू नेता अमरेंद्र कुशवाहा के परिजन हैं। शुभम उनके पुत्र हैं, जबकि सागर उनके साले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

यह भी पढ़ें: प्रदर्शन के दौरान RAF जवानों से मारपीट का आरोप, अब तक 10 FIR दर्ज

 

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एसएसपी सीधे अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। एसएसपी ने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई है। टीम तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

 

सांसद ने कार्रवाई की मांग

 

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और परिवार को ढांढस बंधाया। पूर्व सांसद ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि पूर्णिया को फिर से पुराने अपराध के दौर में नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने सिर्फ अपराधियों पर ही नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षण देने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की।

 

उन्होंने नेवालाल चौक को अपराध की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र बताया। उनका कहना है कि इस इलाके में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है। पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो।

 

यह भी पढ़ें: 18 साल के लड़के ने AI से जो ऐप बनाई उसी से हुई 64 करोड़ की ठगी

छापेमारी कर रही है टीम

 

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सदर एसडीपीओ की देखरेख में विशेष टीम बनाई गई है। टीम शहर और आसपास के जिलों में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अपराधियों की पहचान के करीब पहुंच गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले के पीछे की वजह क्या थी। पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। अभी तक हमलावरों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है।

 

नेवालाल चौक पर हुई इस गोलीबारी से इलाके में दहशत का माहौल है। दुकानदार और स्थानीय लोग डरे हुए हैं। लोगों का कहना है कि शाम होते ही इस इलाके में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। पुलिस को यहां स्थायी पिकेट बनानी चाहिए। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जाएगी।


और पढ़ें