बिहार में 10वीं और 12वीं के छात्रों की मार्कशीट में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब मार्कशीट पर फेल शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसकी जगह स्किल्स के लिए योग्य लिखा जाएगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार रात इस फैसले की घोषणा की। उन्होंने कहा कि परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक अंक नहीं आने से किसी बच्चे की क्षमता कम नहीं हो जाती। ऐसे में छात्रों का मनोबल बनाए रखना जरूरी है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस फैसले को लागू करने के लिए नियमों में जरूरी संशोधन किए जाएंगे। इसके बाद शिक्षा विभाग बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी करेगा। मंत्री ने यह घोषणा विकास भवन के मदन मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान की।
यह भी पढ़ें: दरभंगा में 200 करोड़ से बनेगा राष्ट्रीय खेल परिसर, मिलेंगी बड़ी सुविधाएं
कंपार्टमेंट छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं
बैठक में मैट्रिक कंपार्टमेंट परीक्षा की तैयारी को लेकर भी चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए एक महीने की विशेष कक्षाएं लागई जाएंगी। इन कक्षाओं में छात्रों को परीक्षा की बेहतर तैयारी कराई जाएगी, जिससे उनके पास दोबारा सफल होने का बेहतर मौका हो।
शिक्षक दिवस पर होगा सम्मान समारोह
समीक्षा बैठक में 5 सितंबर को श्रीकृष्ण मेमोरिय हॉल में आयोजित होने वाले शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री
सम्राट चौधरी
करेंगे। कार्यक्रम में दोनों उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। समारोह के दौराम मुख्यमंत्री 'टीचर सपोर्ट पोर्टल' लॉन्च करेंगे। हर जिले से चयनित एक शिक्षक को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पटना के 10 मॉडल स्कूलों से चुने गए छात्रों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा DIET, SCERT और शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों के शिक्षकों की भी समारोह में भागीदारी होगी।
यह भी पढ़ें: बिहार: गंगा में 3 बच्चियों की डूबने से मौत, एक को बचाने में 3 की गई जान
बैठक में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद समेत शिक्षा विभाग की विभिन्न इकाइयों की आय और खर्च की समीक्षा की गई। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।