logo

मूड

ट्रेंडिंग:

वैशाली: BJYM नेता के घर पर फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने चलाईं 10 राउंड गोलियां

बिहार के वैशाली के अदलपुर में भाजयुमो जिलाध्यक्ष राजीव ब्रह्मर्षि के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है।

representative image of gun

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: Chatgpt

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के वैशाली में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। सदर थाना क्षेत्र के अदलपुर मोहल्ले में बाइक सवार दो अपराधियों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) जिलाध्यक्ष और हिंदू पुत्र संगठन के संरक्षक राजीव ब्रह्मर्षि के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार घर के अंदर था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन घर की दीवारों और गेट पर गोलियों के निशान मिले हैं।

 

घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है। वारदात के बाद दोनों अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर पूरे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

 

यह भी पढ़ें: बिहार में स्कूल के गेट पर 22 राउंड फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी मांगी

बाइक सवार ने चलाईं गोलियां

मिली जानकारी के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो अपराधी अदलपुर मोहल्ले में ब्रह्मर्षि के आवास के पास पहुंचे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। घर के सामने पहुंचते ही दोनों ने पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

 

राजीव ने बताया कि वह घर के अंदर ही थे। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर पूरा परिवार सहम गया। बाहर निकलकर देखा तो गेट पर गोलियों के निशान थे और जमीन पर खोखे बिखरे पड़े थे। तब तक दोनों अपराधी बाइक से तेज रफ्तार में भाग चुके थे। परिजनों के मुताबिक 3 खोखे तो घर के अंदर तक घुस गए थे, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अपराधी किस कदर दहशत फैलाना चाहते थे। परिवार के सभी सदस्यों के सुरक्षित होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन घटना के बाद से परिवार दहशत में है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल में सुंदर ठाकुर की ताजपोशी पर संकट, हाईकमान के इस फॉर्मूले ने बढ़ाया पेंच

मौके से मिले 10 खोखे

घटना की जानकारी मिलते ही वैशाली SSP शुभांक मिश्रा और सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर छानबीन शुरू की और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 10 खाली खोखे बरामद किए हैं। सभी खोखे 9mm पिस्टल के बताए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में खोखे मिलने से पुलिस भी मामले को गंभीरता से ले रही है। SSP ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की।

 

SSP ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार दो अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

 

यह भी पढ़ें: सबरीमाला तीर्थयात्रा के लिए केरल सरकार ने खोली तिजोरी, 551 करोड़ आवंटित

क्यों हुई फायरिंग?

भाजयुमो जिलाध्यक्ष के घर पर हुई इस फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है लेकिन कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। राजीव हिंदू पुत्र संगठन के संरक्षक भी हैं और हाल के दिनों में संगठन से जुड़े कुछ कार्यक्रमों को लेकर सक्रिय रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पुरानी रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता या हिंदू संगठन से जुड़े विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। ब्रह्मर्षि से भी पूछताछ की गई है कि क्या उन्हें पहले से किसी तरह की धमकी मिली थी या किसी से विवाद चल रहा था।


और पढ़ें