बिहार के रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन में मंगलवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब प्रशासन की टीम ने एक होटल में अचानक छापेमारी की। स्टेशन रोड स्थित अनीश होटल को लेकर लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए SDM निलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने आधी रात को होटल को घेरकर कमरों की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान टीम को होटल के अलग-अलग कमरों में चार महिलाओं समेत छह लोग आपत्तिजनक हालत में मिले। सभी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। मौके से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद होने की बात सामने आई है। फिलहाल सभी से डेहरी थाने में पूछताछ की जा रही है।
प्रशासन के मुताबिक, पिछले कई दिनों से होटल को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों ने भी कई बार प्रशासन को सूचना दी थी कि होटल में देर रात तक बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता है और संदिग्ध गतिविधियां चलती हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए SDM ने खुद पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। मंगलवार रात करीब 11 बजे के बाद SDM पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेट के साथ होटल पहुंचे। टीम के पहुंचते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें: बांका में बालू माफियाओं का आतंक, पुलिस टीम पर हमला, तोड़ दी JCB
बिना ID के ठहरे थे 6 लोग
छापेमारी के दौरान होटल प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई। SDM ने बताया कि हिरासत में लिए गए छह लोगों में से किसी की भी एंट्री होटल के रजिस्टर में नहीं थी। रजिस्टर में न तो उनका नाम दर्ज था, न पता और न ही पहचान पत्र की कोई कॉपी ली गई थी। यह होटल संचालन की गाइडलाइन का उल्लंघन है। नियमों के मुताबिक, होटल में ठहरने वाले हर व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नंबर और पहचान पत्र की कॉपी रजिस्टर में दर्ज करना जरूरी है लेकिन यहां इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा हिरासत में लिए गए लोगों के पास भी पहचान से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं मिले।
प्रशासन ने बताया कि कमरों की तलाशी के दौरान कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया गया है। हालांकि प्रशासन ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पकड़े गए लोग कहां के रहने वाले हैं और होटल में किस उद्देश्य से आए थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या होटल में संगठित तरीके से देह व्यापार चल रहा था या यह सिर्फ एक बार की घटना थी। होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में नशे के लिए पैसे मांग रहा था बेटा, पिता ने मना किया तो कर दी हत्या
नियम तोड़ने वाले होटलों पर होगी कार्रवाई
इस कार्रवाई के बाद डेहरी ऑन सोन के अन्य होटल संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। SDM ने कहा कि अगर जांच में होटल में किसी तरह की अवैध गतिविधि की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। होटल का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
SDM ने कहा कि जिले के सभी होटलों को गाइडलाइन का पालन करना होगा। बिना ID प्रूफ के किसी को भी कमरा नहीं दिया जा सकता। हर एंट्री को रजिस्टर में दर्ज करना होगा और CCTV कैमरे चालू रखने होंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी छह लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही FIR दर्ज करने या अन्य कानूनी कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।