बिहार के मुख्यमंत्री
सम्राट चौधरी
ने रविवार को पटना के ऊर्जा स्टेडियम में सारण क्रिकेट लीग-2026 के फाइनल समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने एकमा चैलेंजर्स और गरखा राइडर्स के बीच फाइनल मैच भी देखा। इस मुकाबले में गरखा राइडर्स ने जीत हासिल की और खिताब अपने नाम किया। मुख्यमंत्री ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बिहार में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार काम कर रही है। अब खिलाड़ियों को खेल में अच्छा प्रदर्शन करने पर सम्मान के साथ नौकरी भी मिलेगी।
यह भी पढ़ें: '20 साल में कहां नंबर वन हुआ बिहार?', तेजस्वी का सम्राट सरकार से सवाल
मुकेश कुमार और आकाशदीप बने DSP
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों के लिए 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना शुरू की है। इसके तहत गोपालगंज के मुकेश कुमार और सासाराम के आकाशदीप को DSP बनाया गया है। सरकार चाहती है कि बिहार के खिलाड़ी देश और विदेश में अच्छा प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि खेल को करियर बनाने वाले युवाओं को सरकार हर जरूरी सुविधा देगी। खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के मौके दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर से चार महीने का खेल कैलेंडर तैयार किया जाएगा। इसके तहत राज्य के अलग-अलग जिलों में खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। उन्होंने बताया कि बिहार में करीब 20 जगहों पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं। यहां हॉकी, बैडमिंटन और क्रिकेट समेत कई खेलों की सुविधाएं मिलेंगी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में शादी से इनकार पर भड़का सिरफिरा, युवती पर फेंका एसिड, हालत गंभीर
मोइनुल हक स्टेडियम बनेगा इंटरनेशनल स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना के मोइनुल हक स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा। अगले महीने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार आएंगे। इस दौरान स्टेडियम के निर्माण कार्य का शिलान्यास कराया जाएगा।
ऊर्जा स्टेडियम में भी बड़ा बदलाव होगा। यहां 10 हजार दर्शकों के बैठने के लिए गैलरी बनाई जाएगी। स्टेडियम में पीने के पानी, शौचालय और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था होगी। खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम और प्रैक्टिस पिच भी बनाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारण क्रिकेट लीग जैसे आयोजनों से छोटे शहरों और गांवों के खिलाड़ियों को आगे आने का मौका मिलता है। उन्होंने आयोजन से जुड़े लोगों को बधाई दी। समारोह में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को इनाम और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।