बिहार के सुपौल के त्रिवेणीगंज के एक स्कूल में बुधवार को मिड डे मील खाने के बाद 50 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। आरोप है कि चावल और आलू-चना की सब्जी में मरा हुआ बिच्छू मिला था। खाना खाते ही कई बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने लगे। आनन-फानन में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। यह घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के मिरजवा वार्ड-10 स्थित मध्य विद्यालय की है।
स्कूल में बुधवार को एमडीएम में चावल और आलू-चना की सब्जी बनी थी। बच्चों का आरोप है कि सब्जी में एक मरा हुआ बिच्छू था। इसके बावजूद खाना परोस दिया गया। खाना खाने के करीब आधे घंटे बाद बच्चों को पेट में दर्द, गले में जलन, उल्टी और घबराहट शुरू हो गई। कुछ बच्चों को चक्कर आकर वे बेहोश भी हो गए। स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
शिक्षकों ने तुरंत अभिभावकों को सूचना दी और सभी बीमार बच्चों को एंबुलेंस से त्रिवेणीगंज अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। इलाज के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सभी बच्चों की हालत अब सामान्य है और खतरे से बाहर हैं।
यह भी पढ़ें: रील बनाती थी तीन बहनें, अपने ही कैमरामैन से कर ली तीनों ने शादी, वीडियो वायरल
अधिकारी पहुंचे अस्पताल, जांच के आदेश
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम और एसडीपीओ समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चों और परिजऩ से बात कर घटना की जानकारी ली। जिला कार्यक्रम प्रबंधक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि एमडीएम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
BEO ने बताया कि घटना के समय स्कूल के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार वर्मा स्कूल में अनुपस्थित थे। उनके स्थान पर शिक्षक अशोक पासवान प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में ड्यूटी पर थे। अब सवाल उठ रहा है कि खाना बनाने से पहले उसकी जांच क्यों नहीं की गई। अभिभावकों ने भी स्कूल प्रबंधन और एमडीएम संचालकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ किया गया है।
यह भी पढ़ें: 'प्रोटेस्ट खराब करने के लिए BJP बाहर से गुंडे भेज रही है', पथराव पर बोले दीपके
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले के सभी स्कूलों में एमडीएम की गुणवत्ता की जांच की जाए। खाना बनाने से पहले और परोसने से पहले उसकी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। फिलहाल सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। लेकिन इस घटना के बाद इलाके में एमडीएम को लेकर अभिभावकों में नाराजगी है। पुलिस और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।