उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर में खेलते समय जहरीली फली खाने से एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरी बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों बच्चियां नदी के पास खेलने गई थीं, तभी उन्होंने कसौंदी के पौधे की फली खा ली। कुछ देर बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजन बच्चियों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दो को बचाया नहीं जा सका।
तीसरी बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। एक ही परिवार की दो बच्चियों की मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना बिजनौर के बढ़ापुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला ठाकुरा की है। यहां रहने वाली तीन बच्चियां माहेनूर, चाहत और सादिका नदी के पास खेलने गई थीं। खेलते समय तीनों की नजर कसौंदी के पौधे पर पड़ी। बच्चियों ने अनजाने में उसकी जहरीली फली खा ली। कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो घर में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल बच्चियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें: शव लेकर बंगाल जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, दो भाइयों समेत 5 की मौत
दो बच्चियों की मौत, तीसरी जिंदगी के लिए जूझ रही
जहरीली फली खाने से माहेनूर और चाहत की हालत बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने पर दोनों की मौत हो गई। वहीं तीसरी बच्ची सादिका की हालत गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। उसकी हालत को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं।
एक परिवार में दो मौतों से पसरा मातम
एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत की खबर से मोहल्ले में मातम छा गया। जिस घर में कुछ देर पहले बच्चों की हंसी और खेल की आवाजें गूंज रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और आंसुओं का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: 19 साल पुरानी फोटो से AI ने बनाया आज का चेहरा, 5 साल से लापता महिला तुरंत मिल गई
पुलिस जुटी जांच में, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
सूचना मिलने पर बढ़ापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया बच्चियों की मौत जहरीली फली खाने से हुई प्रतीत हो रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों को घरों के आसपास और खाली जगहों पर खेलने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत बताई।
अनजान पौधों, फल और फलियों को बच्चों के मुंह में जाने से रोकना बेहद जरूरी है। खेलते समय अनजाने में खाई गई जहरीली फली दो मासूमों की जिंदगी छीन गई, जबकि तीसरी बच्ची अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।