उत्तर प्रदेश के जिला बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क पर खड़ी पिकअप में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई। जिस एंबुलेंस में पहले से एक व्यक्ति का शव रखा था, उसी हादसे में पांच और लोगों की जिंदगी खत्म हो गई। मृतकों में दो सगे भाई और एंबुलेंस के दो ड्राइवर भी शामिल बताए गए हैं।
हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरावां गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 53.3 पर हुआ। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी पांचों को मृत घोषित कर दिया।
खड़ी पिकअप में पीछे से घुसी एंबुलेंस, पांचों की गई जान
जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस जयपुर से 38 वर्षीय अजीजुलहक का शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी। रास्ते में बाराबंकी के सुबेहा क्षेत्र में गेरावां गांव के पास एंबुलेंस सड़क पर खड़ी पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन पांचों को बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया।
यह भी पढ़ें: 19 साल पुरानी फोटो से AI ने बनाया आज का चेहरा, 5 साल से लापता महिला तुरंत मिल गई
दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत
इस हादसे में अमिनूर हक (40), हरिओम (33), रुपिक (50), मकबूल खान (62) और एंबुलेंस ड्राइवर आलम की मौत हुई है। अमिनूर हक और रुपिक पश्चिम बंगाल के कूचबिहार क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। हरिओम राजस्थान के अलवर जिले के पीपल खेड़ा और मकबूल खान जयपुर के जवाहर नगर इलाके के निवासी थे। पांचवें मृतक आलम एंबुलेंस चला रहे थे।एंबुलेंस में शव के साथ मृतक के परिजन और ड्राइवर सवार थे। परिवार के लोग जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे। रास्ते में हुए इस हादसे ने एक साथ कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लंबी दूरी तय करने के दौरान एंबुलेंस ड्राइवर को झपकी आ गई होगी। सुबह के समय कम दृश्यता और तेज रफ्तार भी हादसे की वजह हो सकती है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पिकअप एक्सप्रेसवे पर किस परिस्थिति में खड़ी थी और एंबुलेंस उससे कैसे टकराई।
यह भी पढ़ें: 'महंगाई में बच्चे पालन मुश्किल', 20 दिन की बेटी बेचने अस्पताल पहुंची मां
एक्सप्रेसवे की सुरक्षा और पेट्रोलिंग पर उठे सवाल
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे जैसे तेज रफ्तार मार्ग पर खड़े वाहन से एंबुलेंस की टक्कर ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर पिकअप सड़क पर क्यों खड़ी थी? क्या वाहन खराब होने के कारण उसे रोका गया था? यदि ऐसा था तो क्या एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम को इसकी जानकारी दी गई थी? एक शव को उसके घर तक पहुंचाने के लिए निकला सफर पांच लोगों की मौत के साथ खत्म हो गया। इस हादसे ने पांच परिवारों को ऐसा दर्द दिया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।