उत्तर प्रदेश सोनभद्र जिले की पुलिस ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर पांच साल से लापता महिला को खोज निकालने में ऐसी सफलता हासिल की है, जिसने सबको चौंका दिया है। पुलिस के पास महिला की कोई हालिया तस्वीर नहीं थी। उसके पास केवल 19 साल पुरानी बचपन की फोटो थी। पुलिस ने इसी तस्वीर को आधार बनाया और ChatGPT तथा Google Gemini की मदद से महिला का मौजूदा चेहरा तैयार कराया।
एआई से तैयार तस्वीर परिवार को दिखाई गई तो परिजनों ने उसे पहचान लिया। इसके बाद पुलिस की तलाश सोनभद्र से निकलकर राजस्थान तक पहुंच गई। आखिरकार चूरू जिले में महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ मिल गई। इस पूरे मामले में एक सिपाही की तकनीकी समझ और पुलिस की मेहनत ने अहम भूमिका निभाई।
मामला सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के जौराही गांव का है। यहां रहने वाली किस्मत देवी खड़वार की बेटी मंजू देवी वर्ष 2021 से लापता थी। परिवार लंबे समय तक उसकी तलाश करता रहा, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद 14 जुलाई 2026 को मंजू की मां ने बभनी थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू की। जांच में सामने आया कि मंजू को गांव की ही एक महिला शादी कराने का झांसा देकर वाराणसी ले गई थी। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा था।
19 साल पुरानी तस्वीर से शुरू हुई तलाश
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मंजू की पहचान करना था। उसके परिवार के पास कोई नई तस्वीर नहीं थी। जांच के दौरान पुलिस को उसके पुराने स्कूल से वर्ष 2007 में कक्षा चार के छात्रवृत्ति आवेदन पत्र में लगी बचपन की तस्वीर मिल गई। करीब 19 साल पुरानी इस तस्वीर के आधार पर वर्तमान उम्र में उसका चेहरा पहचानना आसान नहीं था। ऐसे में बभनी थाने में तैनात सिपाही विजय पांडेय ने तकनीक का सहारा लेने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें: 'महंगाई में बच्चे पालन मुश्किल', 20 दिन की बेटी बेचने अस्पताल पहुंची मां
ChatGPT और Gemini ने तैयार किया नया चेहरा
सिपाही विजय पांडेय ने मंजू की बचपन की तस्वीर के साथ उसके माता-पिता और बहन की तस्वीरों का इस्तेमाल किया। इसके बाद ChatGPT और Google Gemini की मदद से उसकी संभावित मौजूदा उम्र के हिसाब से नया चेहरा तैयार किया गया।
पुलिस ने इस तस्वीर को परिवार के सामने रखा। परिजनों ने तस्वीर देखते ही अपनी बेटी को पहचान लिया। इसके बाद पुलिस के पास तलाश को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण सुराग मिल गया। इसी तस्वीर और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने दूसरे राज्यों में भी खोजबीन शुरू की।
पति और दो बच्चों के साथ मिली
पुलिस की जांच आखिरकार राजस्थान के चूरू जिले तक पहुंची। वहां हमीरवास थाना क्षेत्र के गोविंद सिंह का बास गांव में मंजू का पता चला। पुलिस ने 16 अक्टूबर को उसे सकुशल बरामद कर लिया। वह वहां अपने पति उमेश और दो बच्चों के साथ रह रही थी। पांच साल से जिस बेटी की तलाश में परिवार परेशान था, उसके मिलने से परिजनों को बड़ी राहत मिली।
यह भी पढ़ें: घर पर चाय कब पिलाओगी, हाथ पकड़ने का आरोप, महिला कर्मचारी ने XEN को जड़े थप्पड़
सिपाही को 2100 रुपये का नकद पुरस्कार
इस पूरे अभियान में सिपाही विजय पांडेय की भूमिका को महत्वपूर्ण माना गया। उनकी तकनीकी पहल से पुलिस को पुरानी तस्वीर के जरिए महिला की पहचान करने में मदद मिली। सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विजय पांडेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और 2100 रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया।
इस मामले ने दिखाया कि गुमशुदगी जैसे मामलों में पारंपरिक पुलिस जांच के साथ आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल भी कारगर साबित हो सकता है। 19 साल पुरानी तस्वीर से तैयार किया गया संभावित चेहरा पुलिस के लिए ऐसा सुराग बना, जिसने पांच साल से अधूरी तलाश को अंजाम तक पहुंचाने में मदद की।