मध्य प्रदेश के रीवा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा अपने बयानों के कारण एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार उन्होंने किसानों के काम करने के तरीके को लेकर एक टिप्पणी की है जिस पर बहस और विवाद शुरू हो गया है। मऊगंज जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद ने किसानों के काम करने की समय पर ही सवाल खड़ा कर दिया। गोवर्धन पूजा समारोह के मंच से बोलते हुए सांसद ने कहा कि किसान पूरे साल में सिर्फ तीन महीने ही खेत में पसीना बहाते हैं।
उन्होंने कहा कि साल के तीन महीने काम करने के बाद जो बाकी 9 महीने बचता है उसमें किसान ताश खेलने, शराब, राजश्री और चौंगी (गांजा) जैसी चीजों में अपना समय बिताते हैं। सांसद के इस बयान के बाद से एक नया विवाद खड़ा कर दिया।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में शुरू हुई क्रूज सेवा, कहां से कहां तक होगा सफर, कितने पैसे लगेंगे?
जनार्दन मिश्रा का पूरा बयान
सांसद जनार्दन मिश्रा गोवर्धन पूजा समारोह के मंच पर लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के किसान साल के केवल तीन महीने काम करते हैं। बाकी नौ महीने वह आराम करते हैं। उन्होंने कहा, 'किसान केवल तीन महीने काम करता है। बाकी नौ महीना क्या करते हैं? बाकी नौ महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी यानी की गांजा चलता है। बैठे-बैठे 9 महीने बीत जाते हैं। मैं कहता हूं कि खेती में कुछ भी नहीं रखा है।'
अब लोग इनके दावे पर सवाल उठा रहे हैं। व्यावहारिक रूप से खेती का काम सिर्फ फसल बोने और काटने तक सीमित नहीं होता। किसी भी फसल को तैयार करने के लिए किसान को शुरुआत से ही जमीन तैयार करने बीज और खाद का इंतजाम करने में बीत जाता है। इसके बाद भी काम खत्म नहीं होता। फसल की देखभाल करना, उसे बीमारियों से बचाना और सही समय पर कटाई करना जैसी चुनौतियां पूरे साल चलती रहती हैं। अलग-अलग तरह के फसल उगाने के लिए किसानों को तो पूरे 12 महीने के लिए काम करना पड़ता है।
किसानों का आंदोलन
जनार्दन मिश्रा के बयान के बाद मध्य प्रदेश में विवाद खड़ा हो गया है। इस टिप्पणी के आने के बाद किसानों और सोशल मीडिया यूजर ने काफी नाराजगी जताई है। कांग्रेस और किसान संगठनों ने इस किसानों का अपमान बताते हुए सांसद से सार्वजनिक माफी की मांग की है। किसान संगठन ने साफ तौर पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें: जिस लड़की की थार से कुचलकर एक LIC एजेंट की मौत हो गई उसे जमानत कैसे मिली?
पहले भी दिया है बेतुका बयान
इसके पहले भी वह अक्टूबर महीने में एलन मस्क पर बयान देकर चर्चा में आए थे। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला की उपस्थिति में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एलन मस्क पर टिप्पणी दिया था। वह अचानक भड़क गए और उन्होंने मंच से एलन मस्क को 2 घूसा मारकर भगाने तक की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा था कि 56 इंच के सीने वाले को कोई नहीं झुका सकता। इसके पहले भी वह पब्लिक टॉयलेट साफ करते नजर आए थे जिसकी बहुत चर्चा हुई थी।