logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'पहले प्रायश्चित, फिर दर्शन', अखिलेश यादव के खिलाफ BJP का पोस्टर वार

अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या जा सकते हैं। बीजेपी ने अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर वार छेड़ दिया है।

Poster

बीजेपी कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। 12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने के उनके कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। इसी बीच रविवार सुबह राजधानी लखनऊ में बीजेपी कार्यालय के बाहर लगा एक पोस्टर चर्चा का विषय बन गया। पोस्टर के जरिए अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना की याद दिलाई गई है। इस पर बड़े अक्षरों में लिखा है- 'निहत्थे कारसेवकों के नरसंहार को नहीं भूली अयोध्या।'

लखनऊ में लगाए गए इस पोस्टर में एक तरफ अखिलेश यादव की तस्वीर है, जबकि दूसरी तरफ एक साधु की तस्वीर लगाई गई है। पोस्टर के जरिए उनके प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर सवाल खड़े किए गए हैं। इसे बस्ती जिले के रामनगर विकासखंड से जुड़े बीजेपी नेता अभिषेक त्रिपाठी ने लगवाया है। अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने के ऐलान के बाद इस पोस्टर को सियासी संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

PDA के नारे की नई व्याख्या से निशाना

पोस्टर में समाजवादी पार्टी के चर्चित पीडीए नारे को भी निशाने पर लिया गया है। इसमें पीडीए की नई व्याख्या करते हुए लिखा गया है- P- पहले प्रायश्चित, D- फिर दर्शन और A- फिर आशीर्वाद। इस संदेश के जरिए अखिलेश यादव से अयोध्या आने से पहले कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना को लेकर प्रायश्चित करने की बात कही गई है। बीजेपी और उससे जुड़े संगठन पहले भी इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: 1.27 करोड़ वोटरों का मुद्दा , BJP का बड़ा दांव; योगी-पंकज ने संभाला मोर्चा

12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे अखिलेश

दरअसल, अयोध्या के पूर्व विधायक और समाजवादी पार्टी के नेता पवन पांडेय ने हाल ही में अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की जानकारी दी थी। उनके मुताबिक, अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे। इस दौरान वह राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। मंदिर जाने से पहले वह हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन और आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद अयोध्या के साधु-संतों से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम है।

कारसेवकों का मुद्दा फिर बना सियासी हथियार

अयोध्या में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना लंबे समय से बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव का मुद्दा रही है। बीजेपी नेता इस घटना को लेकर समय-समय पर सपा को घेरते रहे हैं। अब अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से ठीक पहले पोस्टर लगाए जाने से यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। पोस्टर के जरिए बीजेपी की ओर से अखिलेश यादव के दौरे को लेकर राजनीतिक सवाल खड़े किए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: 60 सीटों पर पल्लवी की तैयारी, मां ने भी मांगा टिकट; अखिलेश कैसे साधेंगे गठबंधन?

सपा की प्रतिक्रिया का इंतजार

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की घोषणा के बाद से ही प्रदेश में इसको लेकर सियासी हलचल तेज है। बीजेपी नेताओं की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। रविवार को लखनऊ में लगा यह पोस्टर भी इसी राजनीतिक घमासान की कड़ी माना जा रहा है। हालांकि, पोस्टर में उठाए गए सवालों और इस पूरे मामले पर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


और पढ़ें