हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक नवविवाहिता की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने सास-ससुर, ननद-ननदोई और पति के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतका के पिता ने अपनी शिकायत में बताया कि बेटी की शादी तीन महीने पहले हुई थी। वह गर्भवती थी। उसके ससुर ने शनिवार दोपहर को बताया कि बेटी ने फांसी लगा ली है। वहां पहुंचने पर बेटी का शव बेड पर पड़ा मिला। पति भी वहां मौजूद नहीं था। पिता की शिकायत पर नाहड़ चौकी पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: शराब के लिए पानी नहीं लाया बच्चा, गुस्से में मासूम को मार दी गोली
लुखी गांव के धर्मेंद्र से हुआ था ब्याह
मृतका का मायका लालपुरा गांव में है। पिता चरत सिंह के मुताबिक इसी साल 23 जनवरी को लुखी गांव के रहने वाले धर्मेंद्र के साथ बेटी प्रमिला का ब्याह हुआ था। दामाद धर्मेंद्र एक स्कूल में इलेक्ट्रिशियन के तौर पर कार्यरत है। शनिवार दोपहर को प्रमिला के ससुर का दो बार फोन है। पहली बार बात नहीं हुई। दोबारा कॉल आने पर उन्होंने बेटी के फांसी लगाने की बात कही।
चरत सिंह का परिवार फिलहाल राजस्थान के झुंझुनू जिले में रहता है। बेटी के फांसी लगाने की खबर मिलने पर उन्होंने अपने छोटे भाई कृष्ण को सूचित किया। जब कृष्ण लुखी गांव पहुंचे तो वहां बेटी का शव बेड पर पड़ा था। तीन पुलिसकर्मी मौजूद थे। जमीन पर पानी पड़ा था।
यह भी पढ़ें: 'हक छीने तो संविधान साथ है', बेल मिलते ही सरकार पर बरसे पवन खेड़ा
पुलिस ने क्या कहा?
मायके पक्ष का आरोप है कि दामाद मौके से गायब था। जब उन लोगों ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी करने की कोशिश की तो एएसआई नरेश कुमार ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। उधर, जांच अधिकारी नरेश कुमार का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।