दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में 7 साल की बच्ची की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम से ही बच्ची लापता थी। बताया जा रहा है कि बच्ची के माता-पिता इसी निर्माधीन मॉल में मजदूरी करते हैं।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक घटना नंदग्राम थाना क्षेत्र के राज नगर एक्सटेंशन की है। यहां निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में बच्ची की लाश मिली है। पुलिस को शक है उसे मॉल की तीसरी मंजिल से फेंका गया होगा। शनिवार तड़के बच्ची की लाश मिलने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज करके पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: नाबालिग बच्चे को दुकानदार ने लगाया करंट, बैटरी चोरी का आरोप
घटनास्थल पर पुलिस तैनात
बच्ची के मामा ने कहा कि वह शुक्रवार शाम से लापता थी। परिवार ने खोजबीन की लेकिन कहीं नहीं मिली। परिजनों ने यौन उत्पीड़न की भी आशंका जताई है। हालांकि पुलिस फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया है, क्योंकि वारदात के बाद से ही लोगों में आक्रोश है।
यह भी पढ़ें: वियतनाम में बड़ा हादसा, भारतीय पर्यटकों की नाव पलटी; 15 की मौत
परिजन बोले- सिर पर गंभीर चोट, कई हड्डियां भी टूटीं
बच्ची के परिजनों का कहना है कि उसकी कई हड्डियां टूटी हैं। सिर पर भी गंभीर चोट आई है। डीसीपी (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि शनिवार की रात 1 बजे निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में बच्ची की लाश मिलने की सूचना मिली। तुरंत नंदग्राम थाने की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का दौरा किया। एसीपी (नंदग्राम) प्रियश्री पाल ने कहा कि कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।