समाजवादी पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। नोएडा के दादरी थाने में उनके खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप में मामला दर्ज किया गया है। राजकुमार भाटी के खिलाफ शनिवार को बीजेपी नेता वेद नागर ने शिकायत दी। दादरी थाना प्रभारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
अपनी शिकायत में बीजेपी नेता वेद नागर ने कहा कि वह गुर्जर समाज से हैं। उनका समाज भगवान शिव की पूजा करता है। भगवान श्रीराम और भवगान विष्णु पर भी आस्था है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजकुमार भाटी गुर्जर समाज से हैं, लेकिन उन्होंने हिंदू धर्म की मान्यताओं के खिलाफ बयान दिया।
यह भी पढ़ें: मसूद अजहर के वीडियो पोस्ट करता था युवक, महाराष्ट्र ATS ने उठाया
गुर्जर समाज का गौरवशाली इतिहास
वेद नागर ने कहा कि उनके पूर्वजों ने सनातन धर्म, राष्ट्र और संस्कृति की रक्षा के लिए अनगिनत बलिदान दिए हैं। चक्रवर्ती सम्राट मिहिर भोज, वीरांगना राम प्यारी गुर्जर, राजमाता गुजरी और रामावतार भाटी जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्व गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास के प्रतीक हैं।
राजकुमार भाटी पर आस्था को चोट पहुंचाने का आरोप
आरोप लगाया कि गुर्जर समाज से आने वाले राजकुमार भाटी ने दिल्ली में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं, भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और सनातन धर्म की मान्यताओं के खिलाफ टिप्पणी की। इससे लोगों की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है।
सनातन आस्था से जुड़ा मामला
वेद नागर ने राजकुमार भाटी पर सियासी स्वार्थ्य में देवी-देवताओं का अपमान करने का आरोप लगाया। कहा कि इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता है। बीजेपी नेता ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि यह मामला सनातन समाज की आस्था और सम्मान से जुड़ा है। गुर्जर समाज की पहचान किसी एक व्यक्ति की सियासी पहचान से नहीं है। समाज की पहचान उसके गौरवशाली इतिहास, सनातन परंपराओं, संस्कारों, राष्ट्रभक्ति और पूर्वजों के बलिदानों से है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली के स्कूल में छात्रा ने की आत्महत्या, गार्ड रूम के पीछे जली हालत में मिली
'राजकुमार भाटी गुर्जर समाज के आदर्श नहीं'
वेद नागर का आरोप है कि राजकुमार भाटी के बयान से गुर्जर समाज और सनातन धर्म में आस्था रखने वालों की भावनाओं को चोट पहुंची है। बीजेपी नेता ने भाटी पर सनातन के अपमान का आरोप लगाया और कहा कि गुर्जर समाज उन्हें अपना आदर्श नहीं मानता है।