हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) के अध्यक्ष और SJVN के पूर्व प्रबंध निदेशक स्वर्गीय नन्द लाल शर्मा की याद में रविवार को पंचकूला में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में नन्द लाल शर्मा के आदर्शों, कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण को लोगों ने याद किया। इस दौरान देशभर के राजनीतिक, प्रशासनिक और विद्युत क्षेत्र के लोगों ने उनके लिए शोक संदेश भेजा, जिसे बाद में पढ़ा गया।
श्रद्धांजलि सभा से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार शाम पंचकूला स्थित नन्द लाल शर्मा के घर पहुंचे थे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं जताई और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। नन्द लाल अपने पीछे पत्नी श्रीमती ललिता शर्मा, पुत्र अभिनव शर्मा, पुत्री अदिति शर्मा और दामाद वासु डोगर (आईएफएस) सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
यह भी पढ़ें: पत्नी ने मांगा तलाक, शख्स ने दे दी जान; पिता ने जताया हत्या का शक
मनोहर लाल और सुक्खू ने याद किया
शोक सभा में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार, हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और SJVN की पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गीता कपूर सहित कई प्रमुख हस्तियों के शोक संदेश पढ़े गए। सभी ने नन्द लाल शर्मा को एक दूरदर्शी प्रशासक, कुशल प्रबंधक और ऊर्जा क्षेत्र का सशक्त नेतृत्वकर्ता बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
बिजली उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता
इस मौके पर एचईआरसी के कार्यवाहक अध्यक्ष मुकेश गर्ग ने कहा, 'आज की यह श्रद्धांजलि सभा नहीं, बल्कि एक प्रेरणा सभा प्रतीत हो रही है। नन्द लाल शर्मा ने हमेशा बिजली उपभोक्ताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके नेतृत्व में आयोग की कार्यप्रणाली पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित आधारित बनी। शर्मा के आदर्श, सादगी और कार्य के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।'
यह भी पढ़ें: मुंगेर कोर्ट में लगी आग, चैंबर जलकर हुआ राख, शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ हादसा
शर्मा का जीवन सादगी-कर्तव्यनिष्ठा से भरा
वहीं, एचईआरसी के सदस्य शिव कुमार ने कहा कि नन्द लाल शर्मा का जीवन सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण था। श्रद्धांजलि सभा में SJVN के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा, हिमाचल प्रदेश कैडर के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अजय मित्तल, SJVN के पूर्व कार्यकारी निदेशक सलील शमशेरी ने भावुक होकर नन्द लाल शर्मा को श्रद्धांजलि दी।
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने नन्द लाल शर्मा को अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनसे जुड़ी यादों को भावुक होकर साझा किया।