क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले मुकेश कुमार और आकाश दीप अब पुलिस विभाग में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों ने बिहार पुलिस में डीएसपी के पद पर कार्यभार संभाला है। उनके इस नए सफर पर बिहार पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान DGP विनय कुमार ने दोनों क्रिकेटरों का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। क्रिकेट के मैदान पर देश और राज्य का नाम रोशन करने के बाद अब मुकेश कुमार और आकाश दीप पुलिस सेवा के जरिए अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
मुकेश कुमार और आकाश दीप दोनों ही भारतीय क्रिकेट से जुड़े रहे हैं और अपनी तेज गेंदबाजी के लिए पहचान रखते हैं। खेल के बाद सरकारी सेवा में उनकी नियुक्ति को युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है। अब दोनों खिलाड़ियों के सामने क्रिकेट के साथ-साथ पुलिस अधिकारी के रूप में नई चुनौतियों और जिम्मेदारियों को निभाने की चुनौती होगी।
यह भी पढ़ें: शिकायत लेकर गई महिला से थाने में की बदतमीजी, सस्पेंड हो गए दरोगा
मुख्यमंत्री ने 21 खिलाड़ियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
बिहार सरकार ने खेल कोटे के तहत इन दोनों दिग्गज क्रिकेटरों को डीएसपी के पद पर नियुक्त करने की सिफारिश की थी। इसी के चलते पटना के ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री
सम्राट चौधरी
ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार सहित 21 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र सौंपा था। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में खिलाड़ियों के लिए सुनहरे भविष्य का नया अध्याय शुरू हुआ है।
पहली बार राज्य में किसी खिलाड़ी को डीएसपी जैसे उच्च पद पर नियुक्ति दी गई है। जो आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार की प्राथमिकता खेल प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ उन्हें सुरक्षित करियर उपलब्ध कराना है ताकि युवा पूरे मन से खेलों में अपना भविष्य बना सकें।
क्या है मुकेश और आकाशदीप की कहानी?
मुकेश कुमार बिहार के गोपालगंज के रहने वाले हैं। क्रिकेट में पहचान बनाने से पहले उनका लक्ष्य पुलिस सेवा में जाने का था। हालांकि, शुरुआती दौर में वह पुलिस की शारीरिक परीक्षा पास नहीं कर पाए। इसके बाद उन्होंने फिटनेस पर मेहनत की और क्रिकेट की तरफ कदम बढ़ाया। उनकी तेज गेंदबाजी ने उन्हें आगे बढ़ाया। मुकेश ने घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व किया और आईपीएल में भी अपनी जगह बनाई। साथ ही 2022 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा भी रहे। हालांकि, मुकेश ने भारत के लिए टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों फॉर्मेट में खेला है। अब बिहार की खेल नीति के तहत उन्हें डीएसपी पद की जिम्मेदारी मिली है।
यह भी पढ़ें: एक्सीडेंट के बाद तुरंत इलाज, बिना 1 रुपये खर्च किए, PM राहत योजना समझिए
आकाश दीप बिहार के रोहतास जिले से हैं। उनकी जिंदगी में मुश्किल दौर तब आया जब कुछ ही महीनों में उनके पिता और बड़े भाई का निधन हो गया था। परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। जिस कारण से शुरुआती दौर में परिवार चाहता था कि वह सरकारी नौकरी की तैयारी करें लेकिन आकाश क्रिकेटर बना चाहता था। लेकिन आकाश ने संघर्ष करते हुए क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई और 2024 में भारत के लिए टेस्ट मैच खेला। साथ ही वह 2022 एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। अब क्रिकेट के मैदान के बाद वह बिहार पुलिस में डीएसपी के रूप में नया सफर शुरू कर रहे हैं।
'खेल नीति 2026' के तहत मिली सीधी नियुक्ति
दोनों स्टार क्रिकेटरों की यह बहाली 'बिहार उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026' के प्रावधानों के अंतर्गत की गई है। इस नीति के तहत गठित उच्चस्तरीय चयन समिति की अनुशंसा के आलोक में ही गृह विभाग द्वारा यह निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार का यह कदम खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें सीधे प्रशासनिक पदों पर अवसर देने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।