देश की राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके में एक मासूम बच्ची की हत्या कर दी गई। अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही 11 साल की बच्ची को एक कैब ड्राइवर ने किडनैप कर लिया। किडनैपिंग के बाद बच्ची के साथ रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को सिर्फ छह घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
इस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने टेक्निकल और ह्यूमन इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके तेजी से कार्रवाई की। उन्होंने न सिर्फ आरोपी को पकड़ा, बल्कि उसकी जगह से मृतक की बॉडी भी बरामद की। इस घटना ने सड़क पर रहने वालों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें: किडनैप किया, खुले में रेप किया, सिगरेट से जलाया..., नाबालिग लड़की के साथ दरिंदगी
गुरुग्राम ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
यह दर्दनाक घटना 22 जून, सोमवार की तड़के सुबह की है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बच्ची का परिवार दक्षिण दिल्ली के CDR चौक इलाके में फुटपाथ पर जीवन बसर करता है। सोमवार सुबह करीब 5:00 बजे पीड़ित परिवार ने PCR को फोन कर बच्ची के लापता या अगवा होने की सूचना दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि 25 वर्षीय आरोपी कैब ड्राइवर बबलू ने तड़के फुटपाथ पर बच्ची को सोते हुए देखा था। उसने सुनसान माहौल का फायदा उठाकर मासूम को अपनी गाड़ी में डाला और उसे गुरुग्राम ले गया, जहां उसने इस खौफनाक अपराध को अंजाम दिया।
कानून के शिकंजे से बचने के लिए आरोपी ने मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड महरौली के घने जंगली इलाके में फेंक दिया और वहां से फरार हो गया। परिजन की शिकायत मिलते ही दिल्ली पुलिस ने तुरंत कई विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने CDR चौक से लेकर गुरुग्राम और महरौली तक के पूरे रूट पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। डिजिटल फुटप्रिंट और गाड़ियों की निगरानी की मदद से पुलिस महज 6 घंटे के भीतर संदिग्ध वाहन और आरोपी ड्राइवर बबलू तक पहुंचने में कामयाब रही।
यह भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड: 5 महिलाओं समेत 15 की मौत, 4 गिरफ्तार, CM योगी ने बनाई SIT
आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस की पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका। वह जांच टीम के सामने टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल करते हुए पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महरौली के जंगलों से बच्ची का शव बरामद कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई और सबूत जुटाने में लगी है।