उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के पवनपुर गांव में 14 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ रेप किया गया। बताया जा रहा है कि लड़की को किडनैप करके किसी खुली जगह में ले जाया गया। आरोप है कि लड़की के शरीर को सिगरेट से भी जलाया गया। इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और मुख्य आरोपी की तलाश शुरू की। मुख्य आरोपी मुशर्रफ को पुलिस ने रविवार रात मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, दो आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 14 जून 2026 की रात की बताई जा रही है। पीड़िता का परिवार छत पर सो रहा था। आरोपी मुशर्रफ पड़ोसी की छत के रास्ते घर में घुस आया और उसने लड़की का मुंह दबाया और उसे जबरन बाहर ले गया। सुनसान खेत में ले जाकर उसने पीड़िता के साथ बलात्कार किया।
यह भी पढ़ें: 'दुनिया उजड़ गई...', किसी का बेटा, किसी का भाई, लखनऊ अग्निकांड के बाद पसरा मातम
सिगरेट से जलाया शरीर
पीड़िता ने जब उसके साथ हो रहे अपराध का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। इसके साथ ही आरोपी ने जलती सिगरेट से उसके शरीर पर, खासकर पैरों पर दाग दिए और जलाया। इसके बाद आरोपियों ने लड़की को धमकी दी की अगर उसने इसके बारे में किसी को जानकारी दी तो वे उसके पूरे परिवार को मार देंगे।
घर के बाहर छोड़कर फरार
बलात्कार करने और पीड़िता को धमकाने के बाद आरोपियों ने पीड़िता को उसके घर के बाहर बेहोश हालत में छोड़ दिया। परिवार ने लड़की की हालत देखी तो पूछताछ शुरू कर दी। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिवार को उसके साथ हुए अपराध के बारे में सब कुछ परिवार को बता दिया।
पीड़िता ने परिवार को मिली धमकी के बारे में भी बताया। परिवार और सड़की छह दिन तक डरे-सहमे रहे। रविवार को हिम्मत जुटाकर परिवार थाने पहुंचा। पीड़िता के पिता ने मुशर्रफ और उसके दो-तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। आरोपी और पीड़िता एक ही गांव के रहने वाले थे और पिछले करीब छह महीने से एक-दूसरे को जानते थे।
थाने में हुआ हंगामा
एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर गांव वालों ने थाने पर हंगामा किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति संभाली और परिवार को आश्वासन दिया। इशके साथ ही इलाके के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह भी पीड़ित परिवार से मिले और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में दो टीमें बनाईं। प्रयागराज एडीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया कि रविवार रात फतेहपुर घाट से टिकरी जाने वाली सड़क पर वाहनों की रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मुशर्रफ नजर आया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस ने उसे दोनों पैरों में गोली मार दी। आरोपी घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड: 5 महिलाओं समेत 15 की मौत, 4 गिरफ्तार, CM योगी ने बनाई SIT
पुलिस ने क्या बताया?
एकाउंटर वाली जगह से पुलिस ने मुशर्रफ के पास से एक अवैध देशी तमंचा और कारतूस भी बरामद किए। पुलिस के अनुसार, पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मेडिकल जांच हो रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। डीसीपी मनीष शांडिल्य ने कहा, 'मुशर्रफ और लड़की एक ही गांव के रहने वाले थे। उसने लड़की के साथ यौन शोषण किया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार रात गाड़ी की चेकिंग के दौरान मुशर्रफ ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैरों में गोली मारी जब वह भागने की कोशिश कर रहा था।' इस मामले में दो अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।