दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में घरेलू विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। मामूली कहासुनी के बाद एक 48 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सिर पर तवे से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पूरी रात घर में पत्नी के शव के साथ रहा और रविवार सुबह खुद पुलिस थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गोपाल नगर का रहने वाला है। रविवार सुबह वह बाबा हरिदास नगर थाने पहुंचा और ड्यूटी अधिकारी को बताया कि उसने रात में अपनी 43 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम उसके घर पहुंची, जहां महिला का शव बरामद हुआ। इसके बाद फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
यह भी पढ़ें: पत्नी ने फिर मारा पति, फतेहपुर में खाट पर सो रहे शख्स को जलाकर मार डाला
झगड़े के बाद तवे से किया हमला
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात किसी बात पर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। गुस्से में उसने रसोई में रखा तवा उठाया और पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई। उस समय दंपति के दोनों बेटे अपनी नानी के घर गए हुए थे, इसलिए वे इस घटना के चश्मदीद नहीं बन सके।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो-तीन वर्षों से स्किजोफ्रेनिया नामक मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा है। उसने दावा किया कि उसका इलाज डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा है। पुलिस अब उसके मेडिकल रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय वह नियमित रूप से दवाइयां ले रहा था या नहीं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले एक IT कंपनी में नौकरी करता था लेकिन पिछले दो महीने से बेरोजगार था। पुलिस के अनुसार, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
यह भी पढ़ें: प्रेमी संग मिलकर पति को मारा, बेहोश कर नदी में फेंका, डूबकर हुई मौत
आरोपी ने कबूली हत्या की बात
पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी पूरी रात घर में ही रहा। रविवार सुबह करीब आठ बजे वह सीधे बाबा हरिदास नगर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। दंपति की शादी वर्ष 2005 में हुई थी और उनके दो बेटे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।