दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए इस बार एक अलग और मजेदार तरीका अपनाया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुचु-पुचु ट्रेंड का इस्तेमाल किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पतंग उड़ाते समय चाइनीज मांझे और प्लास्टिक कोटेड धागे का इस्तेमाल न करें। पुलिस का यह मजेदार अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
दिल्ली पुलिस ने अपने पोस्ट में लिखा, 'डियर कुचु-पुचु, पतंग उड़ाओ लेकिन चाइनीज मांझे को बोलो ना! समझे?' पुलिस ने इस पोस्ट के साथ एआई से तैयार की गई चैट भी शेयर की है। इसमें एक शख्स दूसरे को चाइनीज मांझे का इस्तेमाल न करने के लिए समझाता नजर आ रहा है। दिल्ली पुलिस के इस मजेदार जेन-जी अंदाज पर सोशल मीडिया यूजर्स ने भी जमकर प्रतिक्रिया दी है।
यह भी पढ़ें: शिक्षा मंत्री का तेजस्वी पर हमला, बोले- पत्र लिखने से पहले सरकार कर चुकी काम
क्राइम ब्रांच ने तेज की चाइनीज मांझे के खिलाफ कार्रवाई
दिल्ली में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। हाल ही में क्राइम ब्रांच ने अभियान चलाकर 1,300 से ज्यादा चरखियां बरामद की थीं। वहीं, सेंट्रल दिल्ली पुलिस ने अलग कार्रवाई में करीब 120 चरखियां जब्त कीं। आपको बता दें कि चाइनीज मांझा आमतौर पर सिंथेटिक या प्लास्टिक से बनाया जाता है। इसे धारदार बनाने के लिए इस पर घर्षण पैदा करने वाली सामग्री की कोटिंग की जाती है। यही वजह है कि यह सामान्य सूती डोर की तुलना में ज्यादा खतरनाक माना जाता है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: BJP विधायक सुधीर शर्मा की बढ़ीं मुश्किलें, विजिलेंस ने भेजा नोटिस
चाइनीज मांझा जानलेवा है
चाइनीज मांझे की चपेट में आने से लोगों को गहरे कट और गंभीर चोट लग सकती है। पतंग उड़ाने के मौसम में सड़क पर चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह खास तौर पर खतरनाक हो जाता है। इसका खतरा सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है। उड़ते समय पक्षी भी इस डोर में फंस सकते हैं और गंभीर रूप से घायल हो सकते हैं। दिल्ली में पहले भी चाइनीज मांझे से जुड़े जानलेवा हादसे सामने आ चुके हैं।
पहले भी हो चुके हैं जानलेवा हादसे
भारत में चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों का कोई एक केंद्रीकृत राष्ट्रीय रिकॉर्ड नहीं है। सरकार की कोई भी एजेंसी हर साल चाइनीज मांझे से होने वाली मौतों का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं करती। दैनिक जागरण के मुताबिक, मकर संक्रांति 2026 के दौरान देशभर में चाइनीज मांझे से जुड़े हादसों में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए। ऐसे मामले इंदौर, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक से सामने आए।
यह भी पढ़ें: शादी के विवाद में बेटी की हत्या, 112 पर बोला झूठ; पिता-सौतेली मां को उम्रकैद
हाल ही में दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर में 32 वर्षीय एक व्यक्ति मुंडका जा रहा था। इसी दौरान चाइनीज मांझे की चपेट में आने से उसकी गर्दन पर कट लग गया। 2023 में पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम विहार में भी एक दर्दनाक हादसा हुआ था। यहां पिता के साथ स्कूटर पर जा रही सात साल की बच्ची चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई थी और उसकी मौत हो गई थी।