बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और राजद बहुत देर से चल रहे हैं। सरकार पहले ही फैसले ले चुकी होती है और उसके बाद तेजस्वी का पत्र आता है जिसका कोई मतलब नहीं रहता। शिक्षा मंत्री ने कहा कि तेजस्वी यादव और उनके पिता लंबे समय तक बिहार की सत्ता में रहे लेकिन संस्कृत को लेकर उन्होंने कभी कोई ठोस पहल नहीं की। अब जब सरकार संस्कृत और उर्दू दोनों के विकास के लिए काम कर रही है तो उन्हें परेशानी हो रही है।
उन्होंने तेजस्वी यादव को नसीहत देते हुए कहा कि आप आराम से यात्रा कीजिए और चिंता करने की जरूरत नहीं है। बिहार में
सम्राट चौधरी
की सरकार चल रही है और जनता ने सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि सरकार संस्कृत और उर्दू दोनों की पूरी चिंता कर रही है और अब किसी के प्रवचन की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें: सीवान गोलीकांड पर तेजस्वी का सवाल, अब राज्यपाल से मिलकर करेंगे शिकायत
TRE-4 परीक्षा जल्द कराने की तैयारी
TRE-4 शिक्षक बहाली की परीक्षा को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रों की मांग को सरकार ने गंभीरता से लिया है। परीक्षा जल्द से जल्द आयोजित कराने के लिए BPSC से आग्रह किया गया है। तिवारी ने कहा कि छात्रों की सभी बातें मानी गई हैं। परीक्षा की तिथि तय करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। छात्रों को सड़क पर उतरने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कुछ नेता अपनी राजनीति चमकाने के लिए छात्रों को भड़का रहे हैं। कुछ लोग छात्रों को गुमराह कर रहे हैं। उन्हें सड़क पर उतारकर अपनी राजनीति करना चाहते हैं। मैं छात्रों से अपील करता हूं कि वे शांति बनाए रखें। सरकार उनके भविष्य के साथ है।
झारखंड में छात्रों पर लाठीचार्ज का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा झारखंड सरकार अपनी कमियां छिपाने के लिए छात्रों पर लाठी चला रही है। अगर छात्र सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं तो सरकार को जांच कराने में क्या दिक्कत है? साफ है कि दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
सरप्लस शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार सभी शिक्षकों के साथ है। उन्होंने कहा कि जिन विषयों में शिक्षकों की संख्या आवश्यकता से अधिक है उनका राशनलीजेशन किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि किसी भी शिक्षक को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार सभी शिक्षकों की समस्याओं को सुन रही है।
सरप्लस शिक्षकों को वहां भेजा जाएगा जहां उनकी जरूरत है। इससे शिक्षा की गुणवत्ता भी बेहतर होगी और शिक्षकों को भी काम मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होगी। किसी भी शिक्षक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। शिक्षा विभाग ने सभी जिलों से सरप्लस शिक्षकों की सूची मांगी है और जल्द ही काउंसिलिंग कर पोस्टिंग की जाएगी।
यह भी पढ़ें: चुनावी खर्च का हिसाब नहीं दिया, 44 उम्मीदवार अब 3 साल तक नहीं लड़ पाएंगे चुनाव
प्रशांत किशोर को दी बधाई
बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर को लेकर पूछे गए सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि वह उन्हें बधाई देते हैं लेकिन जनता से किए गए उनके एक बयान पर सवाल भी उठाए। तिवारी ने कहा कि मैं पीके को बधाई देता हूं लेकिन बांकीपुर की जनता का उन्होंने दिल तोड़ दिया है। जब कोई नेता कहता है कि शादी-विवाह या दुख की घड़ी में वह जनता के साथ नहीं रहेगा तो जनता उस पर कैसे भरोसा करेगी? हालांकि उन्होंने कहा कि अगर प्रशांत किशोर शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर शिक्षा विभाग के पास आते हैं तो सरकार उनके साथ मिलकर काम करेगी।
शिक्षा के मुद्दे पर राजनीति नहीं होगी। अगर वे बांकीपुर के स्कूलों के लिए कोई प्रस्ताव लाते हैं तो हम उसका स्वागत करेंगे और साथ काम करेंगे। शिक्षा मंत्री ने अंत में कहा कि सरकार का फोकस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की बहाली और बुनियादी सुविधाओं पर है। विपक्ष सिर्फ बयानबाजी कर रहा है जबकि सरकार जमीन पर काम कर रही है।