दिल्ली पुलिस ने तिलक नगर में 21 साल की मॉडल और छात्रा मुस्कान की हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान को पैर में गोली लगी है। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि इमरान 26 साल का है और वह जिम ट्रेनर के तौर पर काम करता था।
बुधवार शाम मुस्कान घर में अकेली थी, उसके परिवार के लोग बाहर गए हुए थे, उसी दौरान इमरान मुस्कान के घर पहुंच गया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने मुस्कान पर चाकू से कई वार किए और वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों रिलेशनशिप में थे और करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे।
यह भी पढ़ें: जमाखोरी, कालाबाजारी और अभाव, भारत में कैसे शुरू हुई अनाज बांटने की व्यवस्था?
क्या है पूरा मामला?
बुधवार को दिल्ली के तिलक नगर में 21 साल की मुस्कान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोपी इमरान (उर्फ आकिब) एक जिम में ट्रेनर था जहां मुस्कान भी वर्कआउट करने जाती थी। बताया जा रहा है कि दोनों रिलेशनशिप में थे और डेढ़ साल से एक-दूसरे को जानते थे। हालांकि, मुस्कान के परिवार ने इससे इनकार किया है। इससे पहले जुलाई में परिवार ने इमरान पर पीछा करने और परेशान करने की शिकायत की थी, पर औपचारिक FIR नहीं हुई।
जांच में पता चला है कि बुधवार को मुस्कान की बहनें चंडीगढ़ गई हुई थीं और उसकी मां किराने का सामान खरीदने बाहर गई थी, तभी इमरान घर पहुंचा। वह शाम करीब 5:40 बजे घर में घुसा। बताया जा रहा है कि वह दोस्त जैसे आया था क्योंकि मुस्कान उसे जानती थी। इसके बाद दोनों के बीच बहस हुई और फिर उसने कथित तौर पर चाकू से उस पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: थाने पहुंचे शख्स को इंतजार करने को कहा, प्रेग्नेंट कॉन्स्टेबल को रॉड से मारा
हमले के बाद इमरान करीब 25 मिनट तक घर में ही रहा और शाम 6:05 बजे मुस्कान का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने बाद में सड़क किनारे से बरामद किया। कुछ देर बाद घर की कामवाली महिला ने मुस्कान को खून से लथपथ पाया और कपड़ों से खून रोकने की कोशिश करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया।
पहले भी लग चुका है मारपीट, गैर-इरादतन हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, इमरान पहले भी 2021 में मारपीट और गैर-इरादतन हत्या के एक मामले में शामिल रहा है। इमरान ड्रग्स का आदी था। मुस्कान के परिवार की शिकायत के बाद उसे जुलाई में कुछ समय के लिए नशा मुक्ति केंद्र भेज दिया गया था।
जांच करने वाले अधिकारी हत्या से कुछ दिन पहले, 20 अगस्त को एक होटल में इमरान और मुस्कान के बीच हुई मुलाकात की भी जांच कर रहे हैं। पुलिस उस मुलाकात के हालात और दूसरी जानकारियों की जांच कर रही है जिनसे पता चल सके कि हत्या से पहले के दिनों में दोनों के बीच क्या हुआ था।