logo

मूड

ट्रेंडिंग:

CCTV लगाकर निगरानी करता था पति, दहेज के लिए किया परेशान, महिला ने दे दी जान

महाराष्ट्र के अंबरनाथ में डॉक्टर पति ने घर में CCTV लगाकर पत्नी पर पहरा बिठा रखा था। मारपीट और दहेज की प्रताड़ना से दुखी होकर महिला ने जान दे दी जिसके बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Vishakha

विशाखा, Photo Credit: Social Media

महाराष्ट्र के अंबरनाथ में 26 साल की विशाखा तिलकर ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। शादी के सिर्फ 48 दिन बाद ही यह घटना हुई है। विशाखा के पति नितिन तिलकर पेशे से डॉक्टर हैं। आरोप है कि पत्नी की हर हरकत पर नजर रखने के लिए नितिन ने सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। इसके चलते भी वह बहुत परेशान थी। विशाखा के घरवालों का कहना है कि ससुराल के लोग उन्हें बहुत परेशान करते थे।

 

विशाखा ने अपनी मां को फोन पर बताया था कि ससुराल में उसे बहुत प्रताड़ित किया जा रहा है। उसके घरवाले उसे वापस सुरक्षित अपने घर लाने की तैयारी कर ही रहे थे लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही विशाखा ने अपनी जान दे दी। इस मामले में अंबरनाथ की शिवाजीनगर पुलिस ने पति, सास और देवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पति को गिरफ्तार भी कर लिया है।  

 

पति नितिन ने घर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे थे। इन कैमरों के जरिए पति विशाखा की हर छोटी-बड़ी हरकत पर नजर रखता था। पति हर पल विशाखा की गतिविधियों को मॉनिटर करता था जिससे विशाखा की अपनी कोई जिंदगी नहीं बची थी। वह हमेशा पति की निगरानी में रहती थी जिससे उसे बहुत ज्यादा मानसिक तनाव और डर का सामना करना पड़ता था।  

 

यह भी पढ़ें: कैसे बदलेगा बिहार? CM सम्राट चौधरी ने बताया सरकारी स्कूलों वाला कनेक्शन

ससुराल में लगातार मानसिक दबाव

विशाखा और नितिन की शादी 30 अप्रैल को हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वालों का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। ससुराल वाले इस बात से बहुत नाराज थे कि उन्हें शादी में मनपसंद तोहफे या सम्मान नहीं मिला। वे विशाखा पर लगातार दबाव बनाते थे कि वह अपने मायके से और पैसे और गहने लेकर आए। इस बात को लेकर विशाखा को ससुराल में मानसिक रूप से बहुत परेशान किया जाता था।

 

विशाखा को ससुराल में सिर्फ मानसिक ही नहीं बल्कि शारीरिक रूप से भी बहुत ज्यादा प्रताड़ित किया जाता था। अगर विशाखा घर के बाहर किसी से बात कर लेती थी तो पति घर लौटने पर उसे बहुत बुरी तरह मारता था। अपनी मौत से ठीक दो दिन पहले भी सिर्फ एक महिला पड़ोसी से बात करने की वजह से पति ने उसे बेरहमी से पीटा था। शारीरिक हिंसा के वजह से विशाखा का जीवन बहुत मुश्किल और दर्दनाक हो गया था।  

 

यह भी पढ़ें: 20 रुपये महंगी दी थी सिगरेट, दुकानदार और कंपनी पर लग गया 10 लाख का जुर्माना

पुलिस की जांच

पुलिस ने अंबरनाथ के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में पति नितिन तिलकर, उसकी मां छाया और भाई निनाद के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर विशाखा को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करने और उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी पति नितिन तिलकर को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस इस पूरे मामले की आगे की जाँच कर रही है।  


और पढ़ें