logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पति को मारने के बाद मोबाइल चलाती रही डॉक्टर पत्नी, बेटा भी हुआ जख्मी

धारवाड़ में एक डॉक्टर पत्नी ने पति की हत्या की और बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी महिला घर में आराम से मोबाइल चला रही थी जिसे पुलिस ने पकड़ लिया है।

AI Generated Image of crime scene

प्रतीकात्मक तस्वीर, AI Generated Image

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

कर्नाटक के धारवाड़ में कर्नाटक यूनिवर्सिटी रोड पर रंका स्टेलो अपार्टमेंट के एक फ्लैट में 45 साल के एक डॉक्टर की चाकू से मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में उनका 8 साल का बेटा भी गंभीर रूप से जख्मी मिला है जो मानसिक रूप से कमजोर है। जब पुलिस बुधवार शाम करीब 7 बजे घर के अंदर पहुंची तो आरोपी डॉक्टर पत्नी दूसरे कमरे में बैठी हुई थी और अपना मोबाइल फोन चला रही थी। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

 

जिस डॉक्टर की हत्या हुई है उनका नाम डॉ. किरण होन्नाननावर था। वह एक प्राइवेट अस्पताल में बेहोशी के डॉक्टर यानी एनेस्थिसियोलॉजिस्ट थे। डॉ. किरण इस फ्लैट में अपनी पत्नी डॉ. प्रियंका गद्दानहल्ली और अपने 8 साल के बेटे निहीत के साथ रहते थे। उनकी पत्नी डॉ. प्रियंका भी आंखों की डॉक्टर यानी ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट हैं।

 

यह भी पढ़ें: बेरोजगार युवक को रोज ताने मारती थी नानी, चाकू से गला रेतकर ले ली जान

फोन न उठाने पर हुआ शक

मंगलवार की रात से बुधवार पूरे दिन डॉ. किरण के रिश्तेदारों और दोस्तों ने उन्हें फोन करने की कोशिश की। डॉ. किरण फोन नहीं उठा रहे थे बल्कि उनका फोन उनकी पत्नी डॉ. प्रियंका उठा रही थीं। प्रियंका फोन करने वाले हर शख्स से अलग-अलग बात कहकर झूठ बोलती रहीं। किसी से उन्होंने कहा कि वह अस्पताल गए हैं तो किसी से कहा कि वह बिजी हैं। जब पड़ोसियों ने फोन किया तो प्रियंका ने कहा कि वह खुद घर पर हैं लेकिन उनके पति बाहर गए हैं। इस वजह से रिश्तेदारों को शक हुआ।

 

बुधवार की शाम को पुलिस को इसकी सूचना मिली। पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार अपनी टीम के साथ तुरंत उस फ्लैट पर पहुंचे। जब पुलिस अंदर गई तो कमरे में डॉ. किरण का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था और शरीर पर चाकू के कई निशान थे। वहीं पास में उनका 8 साल का बेटा निहीत भी जख्मी हालत में पड़ा था। बच्चे की सांसें चल रही थीं, पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

 

यह भी पढ़ें: पिता कर रहा था यौन उत्पीड़न, बेटी ने खुद पर पेट्रोल छिड़का, आग लगा ली

अपार्टमेंट की बढ़ी सुरक्षा 

पुलिस कमिश्नर एन. शशिकुमार ने बताया कि रंका स्टेलो अपार्टमेंट में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और सुरक्षा सख्त है। इस कारण किसी भी बाहरी व्यक्ति का अंदर आना मुमकिन नहीं लगता। पड़ोसियों से भी इस परिवार का कोई झगड़ा नहीं था। पुलिस का अनुमान है कि हत्या मंगलवार की शाम या रात को ही कर दी गई थी पत्नी उसी समय से लगातार सबको फोन पर झूठ बोल रही थी। मौत का सही समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।

 

डॉ. किरण के परिवार वालों ने उनकी पत्नी डॉ. प्रियंका पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस जांच के मुताबिक, दोनों पति-पत्नी के बीच काफी समय से घरेलू विवाद चल रहा था और इसी झगड़े की वजह से हत्या की गई। पुलिस ने डॉ. प्रियंका के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। आरोपी पत्नी के बयान बहुत उलझे हुए हैं पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है।


और पढ़ें