logo

मूड

ट्रेंडिंग:

फोन आया, घर से निकला और मिली लाश; समस्तीपुर में डबल मर्डर से दहशत

बिहार के समस्तीपुर में शराब कारोबारी प्रभात चौधरी और उसके साथी सन्नी कुमार की ताबड़तोड़ फायरिंग में हत्या। घटनास्थल से 3 लोडेड मैगजीन बरामद की गईं।

representative image of Crime Scene

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit: ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बिहार के समस्तीपुर के चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर गांव ताबड़तोड़ फायरिंग से दहल गया। अज्ञात अपराधियों ने घात लगाकर शराब कारोबारी प्रभात चौधरी और उसके साथी सन्नी कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में दर्जनभर से ज्यादा गोलियां प्रभात के सिर में लगीं। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में दहशत है। पुलिस ने घटनास्थल से 3 लोडेड मैगजीन और खाली कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस वर्चस्व और शराब कारोबार में पैसों के विवाद को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है। DIG और SP भी घटना स्थल पर पहुंचकर पूरी जानकारी ले चुके हैं।

 

जानकारी के अनुसार प्रभात चौधरी अपने साथी सन्नी कुमार के साथ गांव के पास सुनसान जगह पर मौजूद था। साथ में एक ड्राइवर भी स्कॉर्पियो लेकर खड़ा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। चंद सेकंड में दर्जनों गोलियां चल गईं। गोलियां लगने से प्रभात और सन्नी मौके पर ही गिर पड़े और मौत हो गई। हमलावर फायरिंग कर फरार हो गए। ड्राइवर किसी तरह जान बचाकर स्कॉर्पियो लेकर मौके से भाग निकला।

 

यह भी पढ़ें: मोतिहारी में सुलेमान अंसारी के पास 1 करोड़ के जाली नोट मिलने से हड़कंप

 

मृतक प्रभात चौधरी नामापुर गांव का रहने वाला था। वहीं सन्नी कुमार बेलसंडी गांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार प्रभात के सिर में 12 से ज्यादा गोलियां लगी हैं। सूचना मिलते ही चकमेहसी थानाध्यक्ष के साथ समस्तीपुर के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से 3 लोडेड मैगजीन, दर्जनों खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।

पहले भी हो चुका है जानलेवा हमला  

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक प्रभात शराब तस्करी और आर्म्स एक्ट का आरोपी था। उस पर कई मामले दर्ज थे। वर्ष 2023 में भी कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान उस पर फायरिंग हुई थी। उस समय गोली प्रभात के जांघ में लगी थी। साथ में मौजूद एक अन्य व्यक्ति के हाथ में भी गोली लगी थी। इस मामले में तत्कालीन SP विनय तिवारी ने दो थाना अध्यक्षों को निलंबित किया था। मृतक के पिता संजय कुमार चौधरी ने भी आरोप लगाया है कि कोर्ट में हुए हमले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध थी।

 

यह भी पढ़ें: पूर्व ARTO के घर से 13 किलो सोना, 20 करोड़ के जेवर और 1.62 करोड़ कैश बरामद

फोन आया, घर से निकला और मिली लाश

मृतक के पिता संजय कुमार चौधरी ने बताया कि प्रभात शाम करीब 7 बजे किसी के फोन पर घर से निकला था। बाद में उन्हें सूचना मिली कि नामापुर में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पिता का कहना है कि बेटे की हत्या शराब कारोबार में पैसों के लेन-देन और वर्चस्व की लड़ाई के कारण की गई है। उन्होंने पुलिस से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह हत्या शराब कारोबार में वर्चस्व और पैसों के विवाद के कारण हुई है। प्रभात का इलाके में शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क था। कुछ दिनों से दूसरे गिरोह से उसका विवाद चल रहा था। इसी को लेकर दुश्मनी बढ़ गई थी। पुलिस आशंका जता रही है कि उसी रंजिश में इस डबल मर्डर को अंजाम दिया गया है। हालांकि पुलिस अभी किसी नाम का खुलासा नहीं कर रही है।

 

यह भी पढ़ें: 3 साल तक सौतेली बेटी से दुष्कर्म करता रहा पिता, थाने में पूछताछ के दौरान मौत

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद पूरे नामापुर और आसपास के गांवों में तनाव है। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। SP के निर्देश पर DSP के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और कॉल डिटेल खंगाल रही है। ड्राइवर से भी पूछताछ की जा रही है जो हमले के समय मौके पर मौजूद था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह और कितनी गोलियां लगीं इसका खुलासा होगा। चकमेहसी थाना में अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।


और पढ़ें