उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजली विभाग की टीम पर जानलेवा हमला हुआ। जहां बिजली विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी की तार लगाकर बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद बिजली विभाग के इंजीनियर और लखनऊ इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एडमिनिस्ट्रेशन (LESA) की टीम इलाके में पहुंची। वहां बिजली चोरी कर रहे लोगों ने पूरी टीम पर हमला कर दिया। आरोपियों ने टीम के सदस्यों को लात-घूंसों से पीटा और बेलचे से हमला किया। इतना ही नहीं, आरोप है कि उन्होंने अपने पालतू कुत्ते भी टीम के पीछे छोड़ दिए, जिससे बिजली विभाग की टीम जान बचाकर भागते नजर आई। इस मारपीट में टीम के कई सदस्य बुरी तरह घायल हो गए। बिजली विभाग के इंजीनियर ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
यह मामला जानकीपुरम के नहर रोड इलाके का है। बुधवार, 27 मई की शाम करीब 4 बजे बिजली विभाग की टीम मीटर चेकिंग के लिए वहां पहुंची थी। इसी दौरान इंजीनियर और आरोपियों के बीच बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। इस घटना में इंजीनियर अशोक समेत राधेश्याम यादव, आयुष गौर, शिवम यादव और मनीष कुमार घायल हो गए। पुलिस अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बॉयफ्रेंड से मिलने गई लड़की का गैंगरेप, फिर वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, 5 अरेस्ट
बेलचे से किया जानलेवा हमला
जब अशोक और राधेश्याम मीटर की जांच कर रहे थे, तभी बिजली चोरी करने वाले आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान लात-घूंसों के साथ बेलचे से भी हमला किया गया, जिससे बिजली विभाग के कर्मचारियों को कई चोटें आईं।
यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में घूसखोर ASI का वीडियो हुआ वायरल, तुरंत हो गए सस्पेंड
पीड़ितों का आरोप है कि आरोपियों ने अपने पालतू कुत्तों से भी हमला करवाया। साथ ही उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।