माफिया भगत यादव के पास 130 बीघा जमीन के दस्तावेज, EOU की छापेमारी में खुलासा
बिहार के माफिया भगत यादव और उसके गिरोह के खिलाफ EOU की बड़ी कार्रवाई में करोड़ों की बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ है।

बिहार में रेत माफिया के नाम से भी भगत यादव चर्चित है। Photo Credit: Social Media
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गयाजी निवासी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उसके गिरोह के सदस्यों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU ने गयाजी, औरंगाबाद, पटना और झारखंड के चतरा में कुल 10 आवासीय ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई में गिरोह द्वारा अपराध के जरिए अर्जित करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है।
छापेमारी के दौरान घेराबंदी कर भगत यादव, उसके बेटे आर्यन कुमार, पत्नी सुनीता कुमारी और रौशन राज उर्फ रौशन कुमार समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। EOU की इस कार्रवाई से पूरे मगध क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
माफिया भगत यादव के पास सवा सौ बीघा से अधिक जमीन होने के दस्तावेज मिले हैं। छापेमारी के दौरान भगत गिरोह के सभी 11 अभियुक्तों के आवास और ठिकानों से जमीन की रजिस्ट्री से संबंधित 106 डीड, जमीन खरीद के 51 एकरारनामे और 38 बैंक खातों के दस्तावेज बरामद किए गए। इसके अलावा 73.5 लाख रुपये नकद और ज्वेलरी की खरीद से संबंधित रसीदें भी जब्त की गई हैं।
दस्तावेजों की जांच में 7,790 डिसमिल जमीन (करीब 130 बीघा), फ्लैट और मकान अर्जित करने के साक्ष्य मिले हैं। इन संपत्तियों का मूल्य करीब 15 करोड़ रुपये आंका गया है, जबकि सरकारी सर्किल रेट के हिसाब से इनकी कीमत इससे कई गुना अधिक है। यानी जमीन की वास्तविक कीमत के मुकाबले दस्तावेजों में काफी कम मूल्य दर्शाया गया है।
यह भी पढ़ें: बिहार: अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा दिया, नियुक्ति पर था विवाद
15-16 साल में अपराध से बनाई अकूत संपत्ति
छापेमारी में खुलासा हुआ है कि भगत यादव ने पिछले 15-16 वर्षों में अपराध के जरिए अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की। वह अपनी पत्नी सुनीता कुमारी को राजनीति में स्थापित करने का प्रयास भी कर रहा था। जांच में सामने आया है कि जमीन, फ्लैट और मकान परिवार के अलग-अलग सदस्यों के नाम पर खरीदे गए थे, ताकि संपत्ति की वास्तविक स्थिति छिपाई जा सके। EOU अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपराध से अर्जित रकम को किन-किन माध्यमों से सफेद किया गया।
कौन है भगत यादव? 25 आपराधिक मामलों में है वांछित
गयाजी निवासी भगत यादव के खिलाफ वर्ष 2001 से अब तक गया, झारखंड के बोकारो और रांची समेत अन्य स्थानों पर कुल 25 मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ दर्ज मामलों में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, रंगदारी, अपहरण, लूट, लूट की साजिश, शस्त्र अधिनियम और जमीन पर कब्जा करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
गया में भगत यादव का नाम खौफ का दूसरा नाम बन गया था। जमीन पर कब्जा, रंगदारी और ठेकेदारी के कारोबार में उसका दबदबा बताया जाता है। लोग उसके खिलाफ बोलने से डरते थे। पुलिस के लिए भी वह लंबे समय से चुनौती बना हुआ था।
28 करोड़ की जमीन की कीमत कागजों पर दिखाई 1.5 करोड़ रुपये
दस्तावेजों की जांच में जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़ा एक और बड़ा मामला सामने आया है। एक बहुमूल्य भूखंड, जिसका बाजार मूल्य करीब 28 करोड़ रुपये बताया गया है, उसे दस्तावेजों में महज 1.5 करोड़ रुपये का दर्शाया गया। आरोप है कि भगत यादव ने कम कीमत दिखाकर जमीन का निबंधन कराया, ताकि स्टांप ड्यूटी और टैक्स से बचा जा सके। इस पूरे मामले में मोनू इंटरप्राइजेज जैसी फर्मों का नाम भी सामने आया है। इसके अलावा छापेमारी के दौरान फॉर्च्यूनर जैसी महंगी गाड़ियों से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। EOU इन फर्मों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: बिहार: नदियों से गाद निकालेगी सरकार, डिप्टी CM की 12 ड्रेजर कंपनियों के साथ बैठक
गिरोह के सदस्यों के ठिकानों से भी मिली संपत्ति
EOU की छापेमारी में भगत यादव के गिरोह के अन्य सदस्यों के ठिकानों से भी कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं। भगत यादव के करीबी सुरेंद्र यादव के आवास से 51 पन्नों की एक गोपनीय डायरी मिली है। इसमें कई पदाधिकारियों के साथ वित्तीय लेनदेन का उल्लेख होने की बात सामने आई है। EOU डायरी में दर्ज तथ्यों की जांच कर रही है।
वहीं, अभियुक्त रौशन राज के आवास से रजिस्ट्री के 15 दस्तावेज, चार बैंक खातों के कागजात, LIC से जुड़े पांच दस्तावेज और ज्वेलरी की खरीद से संबंधित दो दर्जन रसीदें जब्त की गई हैं।
औरंगाबाद के दाउदनगर में अभियुक्त सुधीर पांडेय के आवास से जमीन के 28 दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बताया गया है कि ये जमीनें भगत यादव के साथ संयुक्त रूप से खरीदी गई थीं। इसी तरह झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज में अभियुक्त अरुण कुमार के आवास से जमीन के निबंधन संबंधी दस्तावेज और 18 बैंक खातों के कागजात मिले हैं। वहीं, अरुण सिंह के चतरा स्थित ठिकाने से निबंधन के 11 दस्तावेज और 11 बैंक खातों के कागजात बरामद किए गए। उसके पटना स्थित ठिकाने से भी लाखों रुपये से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
यह भी पढ़ें: विदेशी बाजार तक पहुंचेंगी बिहार की फल-सब्जियां, CM सम्राट चौधरी का प्लान
अब क्या होगा? EOU करेगी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई
EOU अधिकारियों के मुताबिक, बरामद दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा गोपनीय डायरी में जिन पदाधिकारियों के नाम और वित्तीय लेनदेन का उल्लेख है, उनसे भी पूछताछ की जा सकती है। EOU ने स्पष्ट किया है कि अपराध के जरिए अर्जित संपत्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और ऐसी संपत्तियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद गया, औरंगाबाद और चतरा में भगत यादव के गिरोह से जुड़े अन्य लोगों में भी हलचल मच गई है। कई लोगों के भूमिगत होने की बात सामने आई है। EOU की इस कार्रवाई ने एक बार फिर बिहार में अपराध के जरिए अर्जित संपत्ति के नेटवर्क को उजागर किया है। अब जांच एजेंसी की नजर इस बात पर है कि गिरोह ने इतने वर्षों में संपत्ति अर्जित करने और उसे छिपाने के लिए किन-किन तरीकों का इस्तेमाल किया।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




